Mirzapur: CM योगी ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में टेका मत्था, विंध्य कॉरिडोर का किया निरीक्षण

punjabkesari.in Friday, Mar 10, 2023 - 08:15 PM (IST)

मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां विंध्याचल में विंध्य क्षेत्र की अधिष्ठात्री देवी मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और अपनी व्यक्तिगत पसंदीदा परियोजना विंध्य कोरिडोर का निरीक्षण भी किया। जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां पर दिव्यांगो के लिए खड़े बुल कार्ट वाहन को हरी झंडी भी दिखाई। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी का यह 8वां दौरा था। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
PunjabKesari
योगी ने पूरे विधि विधान से विंध्यवासिनी देवी के दर्शन पूजन किए। सारे पूजन कार्यक्रम को स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एवं तीर्थ पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने एवं उनके सहयोगी पुरोहितों द्वारा सम्पन्न कराया गया। मुख्यमंत्री के यहां पहुंचने से पहले धार्मिक कार्य की तैयारियां पूरी कर ली गई थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखत हुए मंदिर परिसर को आम दर्शनार्थियों से खाली करा लिया गया था। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विराजमान ऊर्ध्वमुखी महाकाली, महालक्ष्मी और महादेव के मंदिरों में भी शीश नवाया। पूजा करने के बाद योगी ने यहां निर्माणाधीन विंध्य गलियारे (कॉरिडोर) के कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।
PunjabKesari
मुख्यमंत्री इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की मां के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके जमालपुर प्रखंड के ओखा गांव स्थित पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने जल शक्ति मंत्री से बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर अपराह्न ढाई बजे जमालपुर के देवकली इंटर कॉलेज में उतरा। वहां से वे सड़क मार्ग से स्वतंत्र देव सिंह के आवास पर पहुंचे। सिंह की माता का देहांत 97 वर्ष की उम्र में होली के दिन बुधवार दोपहर में हो गया था। वह पिछले एक साल से बीमारी से पीड़ित थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static