मिशन 2022: लक्ष्य भेदने में जुटी BJP, मैराथन बैठक में UP बीजेपी प्रभारी ने दिए जीत के गुरुमंत्र
punjabkesari.in Monday, Jun 28, 2021 - 10:39 AM (IST)

गोरखपुरः वैश्विक महामारी कोरोना की दूसरी लहर के प्रकोप के कम होते ही भाजपा यूपी में भाजपा एक बार फिर मिशन-2022 के लक्ष्य को भेदने में जुट गई है। इस बार भी भाजपा का पूरा जोर पूर्वांचल की सभी सीटों पर जीत हासिल करने का है। जिससे पूर्ण बहुमत से सत्ता भाजपा के हाथों में आ सके। कुछ दिन पूर्व गोरखपुर में सुनील बंसल के बैठक लेने के बाद का सिलसिला थमा नहीं है। भाजपा के यूपी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने भी आज मैराथन बैठक में जीत के गुरुमंत्र दिए।
गोरखपुर के सर्किट हाउस में ये बैठक सुबह 9 बजे से ही शुरू हुई। गोरखपुर मंडल के सभी जिलों गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के भाजपा जिलाध्यक्ष, प्रभारी के साथ सांसद, विधायक, एमएलसी और राज्यसभा सदस्य के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों को भी बैठक में बुलाया गया। शाम 4 बजे तक चली बैठक को पूर्व में गोपनीय रखा गया। हालांकि बाद में मीडिया को कुछ देर का समय दिया गया। सुबह से लगातार कई चरणों में चली मैराथन बैठक शाम 4 बजे समाप्त हुई। इस मैराथन बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई, लेकिन, बैठक का मुख्य उद्देश्य मिशन-2022 का लक्ष्य भेदना ही रहा है।
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गोरखपुर कमिश्नरी में पांच संगठनात्मक जिले हैं। सभी जिलों के सांसद, विधायक, एमएलसी और राज्यसभा के सदस्यों के साथ जिलाध्यक्ष और प्रभारी भी उपस्थित रहे हैं। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि 23 जून को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस और 6 जुलाई को जन्म जयंती है। इस बीच में प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण युक्त बूथ के अभियान मे हमारे कार्यकर्ता लगे हैं। जनप्रतिनिधि भी लगेंगे। टीकाकरण अभियान में हमने नारा दिया है ‘हमारा बूथ कोरोना मुक्त.’ अभियान में हमारे जनप्रतिधि और कार्यकर्ता लगेंगे। इसमें सभी को वैक्सीन लगे इस पर जनप्रतिनिधियों की क्या भूमिका होगी, इसमें वे लगेंगे।
मैराथन बैठक में भाग लेने के बाद गोरखपुर के सांसद रविकिशन ने ये साफ कर दिया कि 2022 का विधानसभा चुनाव कैसे जीता जाएगा। सरकारी उपलब्धियों को जनता के बीच जन-जन और घर-घर को बताना है। कैसे कोरोना काल में सरकार और पार्टी किस तरह से खड़ी रही। ये सकारात्मक रूप में जनता के सामने रखना है। प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और केन्द्र के सभी मंत्रियों का दौरा लगेगा। हम लोगों के लिए भी ये बहुत अच्छी बात है कि केन्द्र और राज्य के नेता मिलकर 2022 को लेकर जमीन पर उतरेंगे।
रविकिशन ने कहा कि 2022 में 350 पार कैसे होगा। पिछले जीते हुए आंकड़े को किस तरह से बढ़ाएंगे। जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता किस तरह से उतरेंगे, इस पर मंथन हुआ है। इसे हम एक सकारात्मक युद्ध की तरह से लेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के नामांकन में ही रिजल्ट सबके सामने हैं। ये अद्भुत है। भाजपा के साथ सपा वाले भी आ गए। सभी जान गए हैं कि भाजपा ही देश की पार्टी है। इसी में भविष्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊपर सभी को विश्वास है। 3 जुलाई को भी रिजल्ट भाजपा के पक्ष में होगा। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे।