सपा में शामिल हुई MLA विजय मिश्रा की बेटी सीमा, पिता को पार्टी ने दिखाया था बाहर का रास्ता
punjabkesari.in Saturday, Feb 20, 2021 - 09:01 AM (IST)

भदोही: आगरा जेल में बंद भदोही में बाहुबली विधायक विजय मिश्रा की पुत्री सीमा मिश्रा समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गयी है। सपाध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में शुक्रवार को प्रदेश के कई बड़े नेताओं के साथ भदोही जिले के ज्ञानपुर सीट से बाहुबली विधायक आगरा जेल में बंद विजय मिश्रा की बेटी सीमा मिश्रा ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।
गौरतलब है कि सीमा मिश्रा सपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। उनके पिता विजय मिश्रा खुद सपा के विधायक रह चुके हैं। हालांकि 2017 के विधान सभा चुनाव में विजय मिश्रा को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था। ज्ञानपुर के बाहुबली विधायक विजय मिश्रा आगरा जेल में बंद हैं। रिश्तेदार की सम्पत्ति हड़पने के मामले में विजय मिश्रा, उनकी पत्नी रामलली मिश्रा व बेटे विष्णु मिश्रा पर मुकदमा दर्ज है। रामलली मिश्रा जमानत पर हैं और विष्णु मिश्रा फरार चल रहे हैं। बाहुबली की बेटी ने सपा का दामन थामकर भदोही जिले की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। इसी तरह भदोही जिले की ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्यामलता सरोज व उनके पति रामसिंह सरोज भी साइकिल पर सवार हो गये हैं।