वेंटिलेटर सपोर्ट पर मुलायम सिंह...अगले 24 घंटे बेहद अहम: CM योगी ने दूरभाष पर अखिलेश से पूछी कुशलक्षेम

punjabkesari.in Sunday, Oct 02, 2022 - 11:54 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव (82) की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्‍हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई में स्थानांतरित किया गया है। बीमार होने के बाद यादव पिछले एक पखवाड़े से वहां अस्पताल में भर्ती हैं। नेताजी के लिए अगले 24 घंटे बेहद अहम हैं। सपा के एक नेता ने इसकी जानकारी दी।
PunjabKesari
सपा प्रवक्ता और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने रविवार को बातचीत में इसकी पुष्टि की। रविवार रात सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा है कि ''आदरणीय नेता जी (मुलायम सिंह यादव) आईसीयू में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी आप लोगों को समय समय पर दी जाती रहेगी।''
PunjabKesari
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से दूरभाष पर वार्ता कर मुलायम सिंह यादव की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। रविवार की देर रात जारी सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने मेदांता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से वार्ता कर मुलायम सिंह यादव को उत्कृष्ट इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। सूत्रों के अनुसार परिवार के सदस्य गुरुग्राम में उनका स्वास्थ्य जानने के लिए पहुंच रहे हैं। जबकि शिवपाल सिंह यादव पहले से ही वहां हैं। चौधरी ने यह भी बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
PunjabKesari
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके यादव की तबीयत बिगड़ने पर उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की सेहत खराब होने की मीडिया के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई, मैं भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना एवं प्रार्थना करता हूं।'' ब्रजेश पाठक ने ट्वीट किया,‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के अस्‍वस्‍थ होने की सूचना प्राप्त हुई, मैं प्रभु श्री राम जी से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static