Munawwar Rana की बेटी को Triple Talaq देकर पति ने घर से निकाला, गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट भी की, दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 01:27 PM (IST)

लखनऊ: मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और जबरन तीन तलाक देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। हिबा की शिकायत पर लखनऊ के सआदतगंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद से शुरू हुआ उत्पीड़न
दो बच्चों की मां हिबा राना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उनके साथ बार-बार मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई।

9 अप्रैल की घटना ने पहुंचाया चरम पर विवाद
पीड़िता के अनुसार 9 अप्रैल 2025 को पति ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी दौरान उनकी बहन आर्शिया राना उर्फ टीना जब ससुराल पहुंचीं, तो पति और अधिक आक्रामक हो गया। हिबा का आरोप है कि पति ने उसी समय तीन बार तलाक कहकर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया।

यह भी पढ़ें : UP Police पर एक बार फिर गिरी गाज! आठ दारोगा पर तगड़ा एक्शन, SHO भी नपे, होश उड़ा देगा पूरा मामला

2013 में हुआ था विवाह
हिबा राना ने बताया कि उनकी शादी 19 दिसंबर 2013 को सैय्यद मोहम्मद साकिब से हुई थी। विवाह के समय परिजनों ने हैसियत से अधिक दहेज दिया था, जिसमें सोने-हीरे के आभूषण और करीब 10 लाख रुपये नकद शामिल थे।

दोबारा दहेज की मांग का आरोप
शादी के बाद पति और ससुराल पक्ष की ओर से 20 लाख रुपये नकद और एक फ्लैट की मांग की जाने लगी। पीड़िता के अनुसार बच्चों और परिवार को बचाने के लिए मायके पक्ष ने कई बार समझौता करने की कोशिश की, लेकिन उत्पीड़न लगातार जारी रहा।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद हिबा राना किसी तरह मायके पहुंचीं और पुलिस से शिकायत की। सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्या ने बताया कि पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static