हमीरपुर में पति बना हैवान! पहले पत्नी को अधमरा होने तक पीटा, फिर दांतों से काट ली नाक, गाल पर लगे 10 टांके
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 08:35 PM (IST)
Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां राठ कोतवाली क्षेत्र के टोला गांव में एक पति ने अपनी ही पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। घरेलू विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपी पति ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दांतों से काटकर पत्नी की नाक और गाल का मांस अलग कर दिया। फिलहाल पीड़िता झांसी मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
विवाद बना खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के मुताबिक, टोला गांव निवासी फूल का अपनी पत्नी पाना के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था। बीती रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने पहले पत्नी को बेतहाशा पीटा। जब वह अधमरी हो गई, तो आरोपी ने दरिंदगी दिखाते हुए अपने दांतों से महिला के चेहरे पर हमला कर दिया। उसने महिला की नाक और गाल का मांस काटकर शरीर से अलग कर दिया।
चेहरे की होगी प्लास्टिक सर्जरी, गाल में लगे 10 टांके
घटना के बाद घायल महिला को तुरंत सीएचसी (CHC) ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला के गाल पर गहरा घाव है, जिसे भरने के लिए 10 टांके लगाए गए हैं। नाक का हिस्सा बुरी तरह कट जाने के कारण चेहरा पूरी तरह बिगड़ गया है, जिसे ठीक करने के लिए डॉक्टरों ने प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है।
भाई ने सुनाई आपबीती, आरोपी फरार
पीड़िता के भाई अमरुद्दीन (निवासी बिरहट, चिकासी) ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच तकरार चलती थी, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि उसका बहनोई इस हद तक गिर जाएगा। भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई
राठ कोतवाली के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी फूल फरार है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और दावा किया जा रहा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस वीभत्स घटना ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

