अयोध्या में दीपोत्सव की अनुमति नहीं मिलने पर मुस्लिम पक्षकार की दी तीखी प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Monday, Oct 14, 2019 - 06:39 PM (IST)

अयोध्याः अयोध्या में स्थित विवादित रामजन्मभूमि परिसर में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) को दीपोत्सव की अनुमति नहीं मिलने पर मुस्लिम पक्षकार हाजी महबूब ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद हमेशा राम मंदिर पर राजनीति करती है। मुस्लिम पक्षकार हाजी महबूब ने कहा कि मंदिर-मस्जिद का विवाद कई वर्षों से चल रहा है। तब विहिप ने दीपोत्सव मनाने की अनुमति नहीं मांगी। इस मसले का हल जब उच्चतम न्यायालय में चल रहा है तो अब ये कहना कि दीपोत्सव मनाने की अनुमति दी जाय सरासर गलत है।

उन्होंने कहा कि जबकि विवादित परिसर में न्यायालय के आदेश के बिना अयोध्या के मण्डलायुक्त एवं परिसर के रिसीवर मनोज मिश्र भी कुछ नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर विहिप को अनुमति मिल भी जाती तो मुस्लिम समाज विवादित परिसर में नमाज पढऩे की मांग करता। मंदिर-मस्जिद का फैसला जब करीब आ गया है तो इस तरह की राजनीति परिषद को नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी हाल में मुस्लिम समाज की एक बैठक हुई थी। जब सभी लोगों ने एक स्वर में कहा कि उच्चतम न्यायालय का जो भी फैसला आयेगा मुस्लिम समाज मानने के लिये तैयार हैं।

दूसरी ओर विश्व हिन्दू परिषद अयोध्या ने विवादित स्थल पर दीपोत्सव की अनुमति लेने के लिये विवादित रामजन्मभूमि के रिसीवर एवं फैजाबाद मण्डल के आयुक्त मनोज मिश्रा को एक पत्र देकर मांग किया कि परिसर में दीपोत्सव के लिये अनुमति दी जाय लेकिन विवादित रामजन्मभूमि के रिसीवर ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का आदेश स्पष्ट है कि यहां पर परम्परागत कार्यक्रमों के अलावा किसी अन्य उत्सव की अनुमति नहीं दी जा सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर विहिप चाहे तो उच्चतम न्यायालय जा सकती है।

विहिप के प्रतिनिधि मण्डल में श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष एवं मणिरामदास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास, संत समिति अयोध्या के अध्यक्ष महंत कन्हैयादास, श्रीरामचरित मानस भवन के महंत अवध बिहारी दास, हनुमानगढ़ी के पुजारी रमेश दास पार्षद, विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा, क्षेत्रीय कार्यसमिति के वैश्य विनोद जायसवाल सहित कई लोग उपस्थित थे।




 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static