‘नमामि गंगे' जुमला- यमुना की सफाई को लेकर पर अखिलेश ने सरकार पर कसा तंज

punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 07:55 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर 'नमामि गंगे' का 'जुमला' देने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि नदियों के नाम से कई बार ठग चुकी भाजपा को समाजवादियों से नदी की सफाई की 'ट्यूशन' लेनी चाहिये। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में कहा कि भाजपा सरकार ने नदियों की सफाई का वादा किया था लेकिन उसे पूरा नहीं किया और नदियों की सफाई के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है।

समाजवादी सरकार ने गोमती नदी पर विश्वस्तरीय रिवरफ्रंट बनाया
यादव ने अपनी सरकार में शुरू हुई गोमती रिवरफ्रंट योजना का जिक्र करते हुए कहा, ''नदियों की सफाई के लिए समाजवादी सरकार में किये जा रहे कार्यों को भाजपा सरकार ने रोक दिया। भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार में हुए गोमती रिवरफ्रंट के कार्य को भी पूरा नहीं होने दिया। समाजवादी सरकार ने गोमती नदी पर विश्वस्तरीय रिवरफ्रंट बनाकर नदियों की सफाई के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया था कि इसी तरह से प्रदेश की अन्य नदियां भी साफ हो सकती हैं। भाजपा सरकार ने गंगा नदी की सफाई को लेकर बड़े-बड़े वादे किये लेकिन 10 साल की सरकार में मां गंगा की सफाई नहीं हो पाई।

 ‘नमामि गंगे' बीजेपी सरकार का जुमला
 उन्होंने यमुना नदी की सफाई का जिक्र करते हुए कहा, ''भाजपा ने नदियों के नाम से कई बार ठगा है। ‘नमामि गंगे' का जुमला बहकर न जाने कहां चला गया है और अब यमुना की सफ़ाई के नाम पर यमुना नदी का ‘जंतु और पादप' जीवन ही भाजपाई जुमला बनकर रह गया है।'' सपा अध्यक्ष ने सलाह देते हुए कहा, ''भाजपाई चाहें तो समाजवादियों से नदी की सफ़ाई की ट्यूशन ले सकते हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार के समय हुए गोमती रिवरफ्रंट की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के उदाहरण को समझने के लिए समाजवादियों को बुलाकर ‘गेस्ट लेक्चर' आयोजित कर निःशुल्क सीख भी ले सकते हैं।''

 यमुना पर सिर्फ़ सियासत कर रही बीजेपी
 पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''नदी जीवन देती है, किसी का जीवन लेती नहीं है। अब यमुना पर सिर्फ़ सियासत होगी या नदी की सफ़ाई की जगह केवल फंड का सफाया होगा? याद रहे यही यमुना नदी ताजमहल के पीछे बहती है, जहां दुनिया भर से पर्यटक आते हैं। प्रदूषित नदी सरकार की छवि को भी दूषित कर रही है।''

अब जनता भाजपा की सफाई  कार्यक्रम बना चुकी है
 सपा प्रमुख ने कहा, ''भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार गंगा में रसायनिक प्रदूषण से जलीय जीवों की कई प्रजातियों के लुप्त होने का खतरा पैदा हो गया है। मां गंगा की सफाई के नाम पर हजारों करोड़ रूपये के बजट की लूट हो गई।'' यादव ने कहा, ''भाजपा नदियों की सफाई नहीं कर पाई लेकिन जनता अब भाजपा की सफाई का कार्यक्रम बना चुकी है। भाजपा की सफाई होते ही सब कुछ अपने आप साफ हो जाएगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static