डिलीवरी के बाद नवजात की मौत, अवैध हेल्थ सेंटर सील, सहारनपुर में बड़ा एक्शन: बिना डॉक्टर और लाइसेंस चल रहा था अस्पताल
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 11:09 AM (IST)
Saharanpur News : सहारनपुर में स्वास्थ्य विभाग ने नवजात शिशु की मौत के बाद एक निजी स्वास्थ्य सेवा केंद्र को कथित तौर पर योग्य चिकित्सा कर्मचारियों और वैध पंजीकरण दस्तावेजों की कमी के कारण सील कर दिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) प्रवीण कुमार के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल जैन ने पुलिस कर्मियों के साथ बेहट रोड स्थित 'सिंघल हेल्थ केयर' को सील कर दिया। यह कार्रवाई शुभम पांचाल की शिकायत के बाद हुई।
पांचाल ने आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी नौ महीने की गर्भवती पत्नी को 12 जून को इस स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां एक ऑपरेशन के बाद अस्पताल प्रबंधन ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस केंद्र के पास न तो वैध लाइसेंस था और न ही योग्य डॉक्टर थे। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में पाया गया कि य केंद्र वैध पंजीकरण दस्तावेज पेश करने में विफल रहा और उसने विभाग के नोटिस का जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि प्रसव के दौरान प्रशिक्षित डॉक्टर और योग्य चिकित्सा कर्मचारी मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि कुछ चिकित्सा उपकरण जब्त कर लिए गए हैं और इस केंद्र को सुविधा सील कर दिया गया है। सीएमओ ने कहा कि यदि ऑपरेटर निर्धारित समय के भीतर आवश्यक दस्तावेज और पंजीकरण प्रमाण पत्र जमा करने में विफल रहता है, तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

