निषाद पार्टी के अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार को लिखा पत्र, फूलन देवी की हत्या मामले में की CBI जांच की मांग
punjabkesari.in Tuesday, Jul 25, 2023 - 08:53 PM (IST)

लखनऊः यूपी सरकार के मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने केंद्र और राज्य सरकार को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने पूर्व सांसद फूलन देवी की हत्या मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। बता दें कि आज फूलन देवी की पुण्यतिथि है। संजय निषाद ने केंद्र व राज्य सरकार को पत्र लिखकर फूलन देवी की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। पत्र में फूलन देवी की संपत्ति को कब्जे से मुक्त करा कर उनकी माता को देने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही फूलन देवी के नाम पर सेल्फ डिफेंस सेंटर खोलने की मांग भी पत्र में की गई है।
मछुआ समाज की नहीं विश्व की महिलाओं के लिए आदर्श रही फूलन देवी
उन्होंने पत्र में लिखा कि, ”पूर्व सांसद बहन वीरांगना फूलन देवी मछुआ समाज की नहीं विश्व की महिलाओं के लिए आदर्श रही हैं। उन्होंने समाज को जागरूक करने के लिए अन्याय के खिलाफ मोर्चा खोला। फूलन देवी ने जुल्म और अत्याचार, उत्पीड़न, शोषण के खिलाफ महिलाओं के सम्मान की रक्षा और उनके हक के लिए सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ी है।”
फूलन देवी के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है निषाद पार्टी
मंत्री ने लिखा कि, ‘निषाद पार्टी वीरांगना फूलन देवी के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने वाली पार्टी है। उनके बताए हुए मार्ग पर चलते हुए निषाद पार्टी ने शोषितों, वंचितों और पिछड़ों के हित में हमेशा आवाज उठाई है। उनकी पुण्यतिथि पर निषाद पार्टी की ओर से पूर्व सांसद बहन फूलन देवी की समाजवादी पार्टी पोषित माफियाओं से संपत्ति को मुक्त करवाकर उनकी माता के नाम किए जाने के लिए जनपद स्तरीय ज्ञापन सौंपा गया है।’
फूलन देवी की संपत्ति सपा पोषित माफियाओं से कराया जाए मुक्त
फतेहपुर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे निषाद पार्टी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजते हुए कहा कि पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर हमारी मांग है कि फूलन देवी के हत्या की सीबीआई जांच हो और पूरे देश में उनके नाम से महिला सेल्फ डिफेंस खोला जाए। उनकी संपत्ति को सपा पोषित माफियाओं से मुक्त कराकर फूलन देवी की मां के नाम किया जाए।
बोले- महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ी
समाज के लोगों ने कहा कि वीरांगना फूलन देवी ने जुल्म अत्याचार के खिलाफ महिलाओं की रक्षा और हक के लिये लड़ाई लड़ी, जो निषाद समाज के दबे कुचले लोगों को उनका हक दिलाने का काम किया।केंद्र सरकार हम लोगों की मांग मान लेती है तो यह सच्ची पुण्य तिथि फूलन देवी के लिए होगी।