Mission 2024: BJP ने UP की सभी 80 सीटें जीतने का रखा लक्ष्य, 50 प्रतिशत वोट के लिए पन्ना समिति को बनाया हथियार
punjabkesari.in Wednesday, Jan 25, 2023 - 09:02 PM (IST)

लखनऊ: आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीट को जीतने का लक्ष्य लेकर चुनाव के मैदान में उतरने से पहले भारतीय जनता पार्टी बूथ, पन्ना प्रमुख से लेकर पन्ना समिति तक के ढाई करोड़ सदस्यों का डाटा एकत्र करने की तैयारी कर रही है। चुनाव जीतने के लिए उसने अत्याधुनिक प्रोद्योगिकी का इस्तेमाल करेगी। इसके लिए बनाए गए डाटा एप में हर भाजपा के कार्यकर्ता का नहीं बल्कि, समर्थकों का भी ब्योरा उपलब्ध होगा। दरअसल, भाजपा ने इस बार 50 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उसे मालूम है कि सभी 80 सीटें जीतने के लिए वोट का यह प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना जरूरी है।
पिछले 2019 के चुनाव में सपा और बसपा गठबंधन को हराने के लिए भाजपा ने 50 फीसदी वोट प्रतिशत का लक्ष्य निर्धारित किया था। उस समय भाजपा ने 49.6 फीसदी मत हासिल तो किए, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले सीटें 73 से घटकर 64 रह गईं।
2014 में भाजपा को 42.30 फीसदी वोट मिले थे। तब उसकी सीटों की संख्या 73 तक पहुंच गई थीं। पार्टी सूत्रों के अनुसार हालांकि, इस बार ऐसे किसी गठबंधन की संभावना नहीं है। ऐसे में बिखरे विपक्ष का फायदा उठाने की फिराक में भाजपा रहेगी। बावजूद इसके प्रदेश की सभी 80 लोकसभा की सीटें जीतने के लिए भाजपा 50 फीसदी से अधिक वोट प्रतिशत बढ़ाने की कवायद में जुट गई है। भाजपा इस बार पन्ना प्रमुख से एक कदम आगे जाकर पांच सदस्यीय पन्ना समिति के गठन की तैयारी कर रही है।