''पापा ने मम्मा को मार डाला और फिर फांसी पे टांग दिया...'' मासूम ने ड्रॉइंग बनाकर किया मां की हत्या का खुलासा

punjabkesari.in Tuesday, Feb 18, 2025 - 03:32 PM (IST)

UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई। महिला का पति ने इसे आत्महत्या बताया था, लेकिन उनकी चार साल की बच्ची ने जो खुलासा किया है, उसे जानने के बाद तो पुलिस भी हैरान हो गई। बच्ची ने बताया कि उसकी मां की हत्या की गई है। 

जानिए पूरा मामला 
जानकारी के मुताबिक, झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र के पंचवटी शिव परिवार कालोनी में रहने वाली 27 साल की सोनाली बुधौलिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सोनाली के पति संदीप बुधौलिया ने इसे आत्महत्या बताया था, लेकिन मायके वालों ने पति और ससुरालियों पर उसे मारकर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। शाम को पोस्टमार्टम कराने के बाद मायके वाले सोनाली का शव बड़ागांव गेट बाहर शमशान घाट ले गए। यहां मायके वालों ने आरोपी पति को सोनाली का अंतिम संस्कार करने से मना करते हुए भगा दिया। साथ ही कहा कि सारी रस्में मृतका के भाई करेंगे और मुखाग्नि 4 साल की बेटी दृश्यता देगी। इसके बाद बेटी ने फूल और मलाएं चढ़ाकर आखिरी बार मां के शव को छुआ और मुखाग्नि देते हुए अंतिम संस्कार किया। जिसे देखकर वहां मौजूद सभी लोग रो पड़े। 

बेटी ने किया खुलासा 
सोनाली की 4 साल की बेटी दृश्यता ने कहा कि- मैंने मम्मा का अंतिम संस्कार किया है, क्योंकि पापा नहीं आए थे। पापा ने मम्मा को मार दिया था। इसलिए वह नहीं आए। पुलिस उनको ढूंढ कर जेल में डाल देगी। बेटी ने पुलिस को जो बताया उसकी तस्वीर भी एक कागज पर उतार दी। तस्वीर देख पुलिस हैरान रह गई। इसमें उसकी मां फांसी पर झूल रही थी लेकिन फंदे के पास एक अन्य हाथ था। पुलिस ने पूछा- बेटा ये हाथ किसका है तो बच्ची ने बताया- पापा का।  पापा ने मम्मा को पहले मारा और फिर फांसी पर लटका दिया। 4 साल की मासूम ने ये सब अपनी आंखों से देखा है।

मृतका के पिता ने बताई ये बातें...
दुखी मन से सोनाली के पिता ने बताया कि साल 2019 में बेटी की शादी की थी। शादी वाले दिन ही तिलक था, जिसमें उन्होंने 20 लाख रुपए नकद दिए थे और अंगूठी व जंजीर भी दी थी। शादी में ही सोनाली के ससुराल वालों ने विवाद खड़ा कर दिया था, लेकिन रिश्तेदारों के कहने पर उसकी विदाई की। इसके बाद वह चार पहिया गाड़ी की मांग करने लगे, जिस पर उन्होंने असमर्थता जताई। कार की मांग को लेकर अक्सर परिवार वाले उसके साथ मारपीट करते थे। इसकी शिकायत थाने में करते हुए हमने मामला भी दर्ज कराया था। करीब दो साल केस चला है। इसके बाद दोनों परिवारों में राजीनामा हो गया। बेटी होने पर भी ससुराल वाले निराश थे और कह रहे थे कि बेटा क्यों नहीं हुआ। मौत के दिन उनके पास फोन आया कि लड़की की तबीयत खराब हो गई। कुछ देर बाद फिर फोन आया कि सोनाली ने फांसी लगा ली।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार 
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद सोनाली के पति संदीप बुधौलिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि दोनों के बीच झगड़ा होता था और इसी चलते सोनाली ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static