मुर्गों से भरी पिकअप पलटी, मदद के बजाय मुर्गे लूटते नजर आए लोग, हो गई चिकेन पार्टी...Video Viral

punjabkesari.in Saturday, Feb 15, 2025 - 04:19 PM (IST)

कन्नौज : उत्तर प्रदेश के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मुर्गों से भरी पिकअप हादसे का शिकार हो गई। लोग एक्सिडेंट में घायल हुए लोगों की परवाह किए बगैर चिकेन लूटने में लग गए। जिसके हाथ जितने मुर्गे लगे, वह लेकर भाग निकला। घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें लोगों को चिकेन लेकर भागते देखा जा सकता है। मुर्गों के लिए मची लूट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते पुलिस और यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंच गए। बमुश्किल लोगों को वहां से हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप के घायल चालक और हेल्पर को अस्पताल भेजा। 

जानें पूरा मामला 
दरअसल, एक पिकअप वाहन मुर्गियां लेकर अमेठी से फिरोजाबाद जा रहा था। पिकअप वाहन कन्नौज के सकरावा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर पलट गया। दुर्घटना का कारण ड्राइवर को झपकी आना बताया जा  रहा है। जिसके चलते तेज रफ्तार गाड़ी पलट गई।  एक्सिडेंट को देखने के लिए रुके लोगों ने पलटे वाहन में मुर्गे लदे देखे। फिर लोगों ने न आव देखा न ताव और मुर्गियां लूटने में लग गए। मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने इस पूरे वाकये का वीडियो बना लिया। फिर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जो भी वीडियो देख रहा है, वो हैरान है। सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल भी हो रही है। 

पुलिस ने संभाली स्थिति 
पिकअप एक्सिडेंट की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल यूपीडा कर्मियों को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर मची लूट और जमा भीड़ को तत्काल बीच-बचाव कर हटाया गया। फिर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। बचे मुर्गों को दूसरी गाड़ी में लादकर भेजा गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static