खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरीः अब घर बैठे ले सकेंगे सरकारी सुविधाओं का लाभ
punjabkesari.in Wednesday, Jul 12, 2023 - 12:35 PM (IST)

लखनऊ: खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही सुविधाओं में इजाफा कर रही राज्य सरकार ने मंगलवार को उप्र. के युवा खिलाड़ियों की मदद के लिए खेल साथी पोर्टल की शुरुआत की। खेल विभाग द्वारा नोडल एजेंसी यूपीडेस्को और सेवा प्रदाता ओमनी नेट- टेक्नोलॉजी प्रा लि के समन्वय से खेल साथी पोर्टल को सफल रूप से विकसित किया गया है। खेल साथी पोर्टल को www.khelsathi.in डोमेन लाइव किया गया है। इस पोर्टल को उप्र. मूल के राष्ट्रीय खिलाड़ियों, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों तथा सामान्य नागरिकों द्वारा विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए उपयोग किया जा सकेगा। मूलतः पोर्टल का उद्देश्य उन खिलाड़ियों को लाभ पहुंचाना है, जो उत्तर प्रदेश राज्य के मूल निवासी हैं।
प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ:
खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में 'खेल साथी पोर्टल' का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभा को विश्व पटल पर लाने, युवाओं एवं राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को बढ़ावा देने तथा प्रदेश के खेल क्षेत्र को नए आयाम तक पहुंचाने के लिए इस पोर्टल को लांच किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभाग द्वारा अन्य सेवाओं को भी खेल साथी पोर्टल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के नागरिकों के लिए ऑनलाइन किया जाएगा।
पुरस्कार, पेंशन से लेकर भर्ती तक के हो सकेंगे आवेदन
अपर मुख्य सचिव (खेल एवं युवा (कल्याण) डॉ. नवनीत सहगल ने पोर्टल की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि खेल साथी पोर्टल के माध्यम से लाभार्थी सरकार से पुरस्कार प्राप्त करने के लिए नामांकन भर सकते हैं। वित्तीय सहायता एवं मासिक पेंशन प्राप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व खिलाड़ियों द्वारा आवेदन किया जा सकता है। राजपत्रित अधिकारी के रूप में सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।