पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, अवैध शस्त्र फैक्ट्री का किया भंडाफोड़
punjabkesari.in Friday, Dec 31, 2021 - 06:13 PM (IST)

मैनपुरी: जिला पुलिस दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर अवैध हथियार एवं अवैध हथियार बनाने के उपकरण बरामद किया है। इस मामले में एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आगामी विधान सभा चुनाव में माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से अवैध हथियार बनाये जा रहे थे।
एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि दन्नाहार थाना क्षेत्र के एक गांव में नगला लायक में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री की सूचना मिली थी। इस थाना दन्नाहार पुलिस,स्वाट और सर्विलांस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान शेरबहादुर नामक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथी लालाजी पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग जाने में सफल रहा। पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री से एक रायफल 315 बोर,6 तमंचे 315 बोर, 2 तमंचे 12 बोर ,2 अधबने तमंचे, तमंचा बनाने के उपकरण बरामद किया गया है। विधिक कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।