Lucknow: सपा नेता अनुराग भदौरिया के घर पर पुलिस ने चस्पा किया कुर्की का नोटिस
punjabkesari.in Saturday, Dec 10, 2022 - 01:19 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अनुराग भदौरिया के घर पर हजरतगंज पुलिस ने शुक्रवार देर शाम को कुर्की का नोटिस चस्पा किया। नोटिस में साफ तौर पर उन्हें चेतावनी दी गई है कि, अगर वह हाजिर नहीं हुए तो उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अनुराग भदौरिया के इंदिरा नगर ए ब्लॉक स्थित घर व चिनहट के फॉर्म हाउस पर कुर्की की नोटिस चस्पा किया है।
दरअसल बीती 11 नवंबर को टीवी न्यूज़ चैनल पर डिबेट के दौरान भदौरिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके गुरु पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने इसके बाद भाजपा नेता ने उन पर मुकदमा दर्ज करवाया था। इस बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि अनुराग भदौरिया के खिलाफ भाजपा नेता हीरो बाजपेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद से अनुराग फरार हैं। बता दें कि पुलिस ने अनुराग की गिरफ्तारी के लिए इंदिरानगर, माल एवेन्यू और गोमतीनगर स्थित ठिकानों पर कई बार दबिश की है।