कन्नौज नाबालिग दुष्कर्म मामला: आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव का पुलिस ने लिया DNA सैंपल

punjabkesari.in Saturday, Aug 17, 2024 - 10:55 AM (IST)

Kannauj News: अदालत के निर्देश पर कन्नौज में शुक्रवार शाम पुलिस ने चिकित्सकों की टीम के साथ जेल जाकर 15 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित बलात्‍कार के आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव का डीएनए नमूना लिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। कन्नौज सदर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) डॉक्टर कमलेश कुमार ने बताया कि सुनवाई के दौरान जब अदालत ने नवाब सिंह यादव से डीएनए सैंपल देने को लेकर पूछा तो उन्होंने डीएनए सैंपल देने की हामी भरी थी।

आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव का पुलिस ने लिया DNA सैंपल
मिली जानकारी के मुताबिक, कुमार ने बताया कि आरोपी के हामी भरे जाने के बाद पुलिस के साथ आज जिला जेल अनौगी जाकर डॉक्टरों की टीम ने नवाब सिंह यादव का डीएनए सैम्पल लिया। उन्होंने बताया कि सीलबंद नमूने लेकर पुलिस टीम फॉरेंसिक लैब के लिए चली गई। कन्नौज में एक शिक्षण संस्थान के प्रबंधक और पूर्व सपा ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव पर एक नाबालिग से नौकरी देने के नाम पर दुष्कर्म का आरोप लगा है।

पीड़िता की उसके माता-पिता की सहमति से कराई गई थी मेडिकल जांच
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार आनंद ने मंगलवार को बताया था कि पीड़िता की उसके माता-पिता की सहमति से मेडिकल जांच कराई गई जिसमें उसके साथ बलात्कार किये जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि लड़की ने मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने बयान में भी बलात्कार की बात कही है। आनंद ने कहा कि बलात्कार की पुष्टि के साथ ही आरोपी के खिलाफ अपराध की संबंधित धाराओं के तहत आरोप जोड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त आरोपों के साथ कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी। यह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया।

आरोपी को इस मामले में बीते सोमवार को किया गया था गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया था कि आरोपी नवाब सिंह यादव पूर्व ब्लॉक प्रमुख था और सपा नेता डिंपल यादव का करीबी सहयोगी था, जब डिंपल यादव कन्नौज से लोकसभा सांसद थीं। हालांकि, सपा ने नवाब सिंह यादव से दूरी बना ली है। आरोपी को इस मामले में सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार नवाब सिंह यादव एक निजी कॉलेज का प्रबंधक है जिसने लड़की और उसकी बुआ को रविवार रात नौकरी दिलाने के बहाने कॉलेज बुलाया था। एसपी ने बताया कि कथित तौर पर नाबालिग को यादव के पास लेकर आई उसकी बुआ पर भी आरोप तय किये जाएंगे। एसपी के अनुसार उसे बयान के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह मंगलवार को पुलिस के सामने पेश नहीं हुई। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static