दुर्भाग्य मिटाने के लिए पोते की बलि! तांत्रिक के कहने पर दादा ने किया खौफनाक कांड, पुलिस ने तांत्रिक समेत दोनों को दबोचा
punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 07:05 AM (IST)

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 17 साल के किशोर पियूष की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी और मृतक के रिश्ते में लगने वाले दादा सरन सिंह को गिरफ्तार किया था और अब हत्या की साजिश रचने वाले तांत्रिक मुन्ना को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि तांत्रिक के बहकावे में आकर ही सरन सिंह ने अपने पोते की हत्या की। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला चुकी है।
घटना कब और कहां हुई?
घटना करैली थाना क्षेत्र के सादियापुर मोहल्ले की है। 26 अगस्त को पियूष रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। जब वह देर तक नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई। पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
कैसे हुआ खुलासा?
28 अगस्त को पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर सरन सिंह को गिरफ्तार किया, जो पियूष का रिश्तेदार (दादा) है। पूछताछ में सरन सिंह ने कबूल किया कि उसने ही पियूष का अपहरण कर उसकी हत्या की थी।
क्यों की गई हत्या?
सरन सिंह के परिवार में पहले से ही दुखद घटनाए हो चुकी थीं। उसकी बेटी ने 2023 में आत्महत्या कर ली थी। 2024 में बेटा यमुना नदी में कूदकर जान दे चुका था। इन घटनाओं के बाद सरन सिंह को शक हो गया कि उसके परिवार पर किसी ने जादू-टोना करवा रखा है। उसे लगा कि यह सब मृतक पियूष की दादी की वजह से हो रहा है। इसी अंधविश्वास में वह एक तांत्रिक मुन्ना के संपर्क में आया। तांत्रिक ने उसे सलाह दी कि अगर वह अपने ही किसी करीबी की बलि देगा तो उसका दुर्भाग्य खत्म हो जाएगा।
कैसे की गई हत्या?
सरन सिंह ने 26 अगस्त को पियूष का अपहरण कर लिया। इसके बाद उसकी निर्दयता से हत्या की। शव को टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगह फेंक दिया। 27 अगस्त को औद्योगिक थाना क्षेत्र के हाईटेक सिटी, लवायन कुरिया गांव में एक किशोर का धड़ मिला। वहां से गुजर रही एक महिला ने एक व्यक्ति को शव फेंकते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और फिर सरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
तांत्रिक की गिरफ्तारी
तांत्रिक मुन्ना घटना के बाद भेष बदलकर छिपा हुआ था। पुलिस की सर्विलांस टीम ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। उसे कौशांबी जिले से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में तांत्रिक ने कई राज खोले।
पुलिस ने क्या कहा?
डीसीपी सिटी अभिषेक भारती ने बताया कि तांत्रिक घटना के बाद पहचान छिपाकर रह रहा था। लेकिन हमारी टीम ने उसे ढूंढ निकाला। अब दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।