अल्टीमेटम खत्म, एक्शन शुरू: लखनऊ KGMU में मजार ‘लावारिस’ घोषित, अवैध निर्माण हटाने की तैयारी तेज

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 12:01 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की रीजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) प्रशासन ने परिसर के भीतर कथित रूप से अवैध रूप से निर्मित एक संरचना को लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रशासन ने इसे ‘लावारिस’ घोषित करते हुए हटाने की संस्तुति आगे बढ़ा दी है। 

केवल एक व्यक्ति की ओर से मिला जवाब 
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, संबंधित ढांचे के स्वामित्व को लेकर पहले नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद अतिरिक्त समय भी प्रदान किया गया, लेकिन निर्धारित अवधि में किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा मालिकाना हक साबित नहीं किया जा सका। KGMU प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि केवल एक व्यक्ति की ओर से जवाब प्राप्त हुआ था, लेकिन उसमें भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद प्रशासन ने इसे अनाधिकृत मानते हुए ‘लावारिस’ घोषित करने की प्रक्रिया अपनाई है।

KGMU प्रशासन का बड़ा कदम, परिसर से हटेगा अवैध निर्माण
प्रशासन ने मामले की विस्तृत रिपोर्ट रजिस्ट्रार को सौंपते हुए आगे की कार्रवाई के लिए शासन से अनुमति मांगी है। साथ ही बुलडोजर कार्रवाई की संस्तुति भी भेज दी गई है। पुलिस बल और प्रशासनिक टीम की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद परिसर में हटाने की कार्रवाई की जाएगी। 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा या विरोध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय में पूरी योजना तैयार कर ली गई है। अप्रैल से ही परिसर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, और प्रशासन का कहना है कि नियमों के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static