मुंबई में इमारत गिरने से मारे गए उप्र के लोगों के परिजनों को सहायता का ऐलान

punjabkesari.in Thursday, Jun 30, 2022 - 07:04 PM (IST)

लखनऊ, 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुंबई में पिछले दिनों गिरी एक इमारत के मलबे में दबकर मारे गए उत्तर प्रदेश के आठ निवासियों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को किए गए सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, "मुंबई के कुर्ला क्षेत्र में मकान गिरने की दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। राज्य सरकार की तरफ से उत्तर प्रदेश के मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।" उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार घायलों के समुचित उपचार के लिए महाराष्ट्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में है। मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए यदि उनके परिजन शव को उत्तर प्रदेश में अपने घर लाना चाहते हैं तो उसकी समुचित व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।" गौरतलब है कि मुंबई के उपनगर कुर्ला में नायक नगर कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में बनी तीन मंजिला इमारत पिछले सोमवार की रात ढह गई थी। इस घटना में 19 लोग मारे गए थे तथा 15 घायल हो गए थे। मरने वालों में उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के रहने वाले आठ लोग भी शामिल हैं।
मुंबई पुलिस ने इस मामले में कुछ फ्लैट मालिकों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
उस इमारत को बृहन्मुंबई नगर निगम ने रहने के लिहाज से खतरनाक करार दिया था, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने अपने फ्लैट किराए पर दे दिए थे।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News

static