''दरवाजे खुलते रहे, लोग देखते रहे... फिर भी लिफ्ट में बेशर्मी से पेशाब करता रहा युवक, CCTV देख भड़के लोग

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 06:29 AM (IST)

Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले की एक नामी हाईराइज सोसायटी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने वहां रहने वाले लोगों को हैरान और परेशान कर दिया है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसा खंड-1 में स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसायटी की लिफ्ट में एक युवक ने खुलेआम पेशाब कर दिया। युवक की यह पूरी करतूत लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सोसायटी के एफ-2 (F-2) टावर की लिफ्ट की बताई जा रही है। वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक लिफ्ट के अंदर दाखिल होता है और अचानक वहीं पेशाब करने लगता है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान लिफ्ट अलग-अलग फ्लोरों पर रुकती है और उसके दरवाजे भी खुलते हैं, लेकिन युवक बिना किसी डर या झिझक के अपनी हरकत जारी रखता है। इसके बाद जब उसका फ्लोर आता है, तो वह आराम से लिफ्ट से बाहर निकल जाता है।

 

मामला तब सामने आया जब लिफ्ट का इस्तेमाल करने वाले अन्य लोगों को अंदर भीषण दुर्गंध का अहसास हुआ। लिफ्ट में आ रही बदबू से परेशान होकर रेजिडेंट्स ने इसकी शिकायत सोसायटी की आरडब्ल्यूए और मेंटेनेंस टीम से की। इसके बाद जब मेंटेनेंस स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तो युवक की यह शर्मनाक हरकत उजागर हो गई। देखते ही देखते यह फुटेज सोशल मीडिया पर पहुंच गई और तेजी से वायरल होने लगी।

इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है। निवासियों का कहना है कि लोग लाखों-करोड़ों रुपए खर्च करके हाईराइज सोसायटियों में फ्लैट इसलिए खरीदते हैं ताकि उन्हें एक साफ-सुथरा, सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके। सोसायटी के लोगों का तर्क है कि लिफ्ट एक सार्वजनिक जगह है, जिसका इस्तेमाल बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी करते हैं। ऐसे बंद स्थान पर इस तरह की गंदगी फैलाने से न सिर्फ दुर्गंध और असुविधा होती है, बल्कि यह सेहत के लिहाज से भी खतरनाक है।

मामला तूल पकड़ने के बाद सोसायटी के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि संबंधित युवक की पहचान कर ली गई है। आरडब्ल्यूए के मुताबिक युवक को बुलाकर समझाया जाएगा और सख्त हिदायत दी जाएगी कि भविष्य में दोबारा इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत न दोहराई जाए। आरडब्ल्यूए ने यह भी कहा कि सोसायटी की सुविधाओं की स्वच्छता बनाए रखना हर निवासी का नागरिक कर्तव्य है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static