झांसी में श्राद्ध करने गए परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: गहरे पानी में समाए 5 लोग, गांव में मचा कोहराम

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 06:53 AM (IST)

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जहां मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर श्राद्ध अनुष्ठान के दौरान सुखनई नदी में नहाते समय गहरे पानी में जाने से 5 लोगों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के रिश्तेदार शामिल हैं। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके और गांव देवी सिंहपुर में मातम छा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मऊरानीपुर के देवी सिंहपुर निवासी कुछ लोग अपने पूर्वजों के श्राद्ध अनुष्ठान के सिलसिले में दोपहर करीब 1 बजे सुखनई नदी तट पर पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के बाद लोग नदी में स्नान करने के लिए उतरे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव और गहरे पानी की वजह से कुछ लोग डूबने लगे। उन्हें बचाने के चक्कर में परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे पानी में कूद गए, लेकिन दुर्भाग्यवश वे भी खुद को संभाल नहीं सके और एक-एक कर पांचों लोग हादसे का शिकार हो गए।

ये भी पढ़ें:- 'ह/त्या कर घूमने निकले, ड्रम में सील किया श/व'... मेरठ म/र्डर केस में क्या साहिल-मुस्कान को मिलेगी फांसी?

घटना की सूचना मिलते ही मऊरानीपुर पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) रत्नेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान अनूप तिवारी (40 वर्ष), उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, रिश्तेदार अभिनव (24 वर्ष), श्रेयांश (22 वर्ष) और पुष्कर उर्फ छोटे (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही परिवार के पांच चिराग बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static