राहुल-अखिलेश विदेश में पढ़कर आए...इसलिए दोनों को देश की कम समझ है: CM धामी

punjabkesari.in Monday, Apr 29, 2024 - 06:04 PM (IST)

लखनऊ: उत्‍तराखंड के मुख्‍यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 400 सीट मिलने पर संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने से जुड़े कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के दावों पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल बाबा और अखिलेश बाबा विदेशों में पढ़कर आये हैं, इसलिए दोनों को देश के बारे में कम समझ है। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नामांकन पत्र दाखिला करने के मौके पर यहां आये पुष्कर सिंह धामी ने खास बातचीत की। जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव हर सभाओं में यह दावा कर रहे हैं कि भाजपा ने 400 पार का नारा इसलिए दिया कि वह संविधान बदल सके और आरक्षण समाप्त कर सके, इसके जवाब में धामी ने कहा, ''मोदी जी और भाजपा कभी आरक्षण के विरोध में नहीं रहे। मोदी जी आरक्षण के बहुत बड़े पक्षधर रहे हैं। यह जरूर है कि राहुल बाबा और अखिलेश बाबा विदेशों में पढ़कर आये हैं इसलिए दोनों को देश की समझ कम है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण का पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों के लिए जो प्रावधान संविधान में किया गया है, उस आरक्षण को ये (विपक्षी दल) लोग बांटना चाहते हैं। वह भी एक धर्म विशेष के लोगों को देना चाहते हैं। उनकी जो निजी संपत्तियां हैं, मेहनत से कमाई है, उस कमाई को भी एक वर्ग विशेष (मुसलमानों) को देना चाहते हैं।'' 

‘इंडिया' गठबंधन का कोई असर नहीं है
धामी ने एक सवाल के जवाब में कहा, ''उत्तराखंड में पांच सीट के मतदाता प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्साहित हैं।'' उन्होंने कहा कि ''उत्तराखंड में मुख्य लड़ाई किसी से नहीं है। हमारी लड़ाई खुद से है कि हम पांच सीट में से कौन सी सीट पर सबसे ज्यादा मतों से जीतेंगे।'' विपक्षी दलों के गठबंधन को लेकर पूछे जाने पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन का कोई असर नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग भली भांति जानते हैं कि यह गठबंधन सरकार बनाने के लिए नहीं, यह परिवार और भ्रष्‍टाचार को बचाने के लिए है, भ्रष्टाचार बढ़ाने के लिए है। धामी ने दावा किया कि ये गठबंधन अपना अस्तित्व बचाने के लिए है, इसलिए लोगों का भरोसा इस गठबंधन पर नहीं है। धामी ने कहा कि यह परिवारवादी दलों और देश में भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण करने वाले सारे लोगों का गठबंधन है, यह ‘भानुमति का कुनबा' है। समान नागरिक संहिता के बारे में उन्होंने कहा कि, ''हम कह सकते हैं कि समान नागरिक संहिता को लेकर उत्तराखंड के अंदर विधेयक बन गया है। इसे भाजपा के संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में लागू करने का संकल्प लिया गया है।'' 

‘एक निशान, एक विधान, एक प्रधान'
धामी ने दावा किया कि देश आज समान नागरिक संहिता की ओर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि देश ‘एक निशान, एक विधान, एक प्रधान' पर चल पड़ा है और अनुच्छेद 370 समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता की शुरुआत हो गयी है और ये (विपक्षी) अभी तुष्टिकरण की राह पर हैं जो मुस्लिम लीग का एजेंडा लागू करने की बात करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि ''इस समय देश समान नागरिक संहिता की ओर आगे बढ़ चुका है। मोदी जी के नेतृत्व में अटक से लेकर कटक तक, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, पूरब से लेकर पश्चिम, उत्तर से लेकर दक्षिण तक पूरा देश कदमताल करते हुए आगे बढ़ गया है। दुनिया भी देख रही है।'' ‘इंडिया' गठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ''यह सब देशद्रोही शक्तियों को पच नहीं रहा है। इसलिए तमाम तरह के हथकंडे अपना रहे हैं।'' पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते एवं कर्नाटक में हासन लोकसभा सीट से सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े ‘सेक्स स्कैंडल' मामले की याद दिलाने पर धामी ने कहा कि ''जो भी कानून की परिधि में आएगा, कानून अपना काम करेगा।'' =


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Imran

Recommended News

Related News

static