रामगोपाल यादव बोले- रात में 10 बजे कौन सा मेडिकल होता है, यह सब प्लानिंग का हिस्सा था

punjabkesari.in Sunday, Apr 16, 2023 - 06:11 PM (IST)

इटावा: समाजवादी पार्टी के प्रमुख महासचिव प्रो़ रामगोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस हिरासत में मारे गए अतीक और अशरफ को लेकर दावा करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया। यहां सैफई में पत्रकारों से बात करते हुए प्रो़ यादव ने आज कहा कि पुलिस के हाथ में अतीक और उनके भाई अशरफ की हथकड़ी थी। यह सुनियोजित हत्या की गई है। जांच करने वाली एजेंसी सही होगी तो बड़े-बड़े लोग इसमें फसेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सीएम सदन में बोले थे कि मिट्टी में मिला देंगे इसलिए अतीक को मारने वाले लोगों का कुछ होने वाला नहीं है।
PunjabKesari
उन्होंने कहा कि जो कुछ उत्तर प्रदेश में हो रहा है, ऐसा पहले कभी हिस्ट्री में नहीं हुआ है। लोकतंत्र के खात्मे वाला रास्ता है। पहले राजशाही में ऐसा होता था। मीडिया ट्रायल की वजह से अतीक मारा गया। किसी भी केस में अतीक पर दोष सिद्ध नहीं हुआ है। ऐसे लोग भी बड़े-बड़े पदों पर बैठे हैं, जिन्होंने बम फेंककर लोगों को मरवा दिया था। उनको कोई नहीं कहता है कि गैंगस्टर है। प्रो़ यादव ने कहा कि इलाहाबाद के लोगों का कहना है कि अतीक के पांच बच्चे हैं। इसमें एक मार दिया गया है, जो शेष चार बचे लड़के हैं। उनको भी किसी न किसी बहाने से मार दिया जाएगा। चाहे देश बर्बाद हो जाए चुनाव जीतने के लिए लोग कुछ भी कर सकते हैं।
PunjabKesari
सपा प्रमुख महासचिव ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि अतीक के लड़के की हत्या हो सकती है। यह बात सच निकली। उसका फर्जी एनकाउंटर कर दिया गया। अतीक ने सुप्रीम कोटर् में स्वयं रिट की थी कि मुझे सुरक्षा दी जाए। लोकतंत्र के इतिहास में किसी भी देश में पुलिस अभिरक्षा में इस तरह हत्या नहीं की गई है। यह लोकतंत्र की हत्या है। यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि रात में 10 बजे कौन सा मेडिकल होता है। यह सब पहले से प्लानिंग का हिस्सा था। उन्होंने अतीक अहमद के परिवार को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। जिस प्रकार से अतीक अहमद और अशरफ की हत्या हुई है, उसी प्रकार परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमले हो सकते हैं। प्रो. यादव ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटना की कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है। कोई भी ईमानदारी से सोचने वाला व्यक्ति इस घटना को गलत कहेगा। इसे गलत मानेंगा। योगी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इसका परिणाम उन्हें भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि यह घटना लोकतंत्र के खात्मे की तरफ ले जाने वाली घटना है और राजशाही में ही ऐसा होता था, जहां राजा ही सब कुछ होता था। अब देश उसी तरफ जा रहा है। मीडिया ट्रायल की वजह से अतीक को मारा गया है। अतीक को तो सिर्फ एक केस में ही सजा हुई थी, लेकिन मीडिया ने अतीक को माफिया बना दिया था। अतीक अहमद 1989, 1991, 1993, 1995, 2002 से विधायक और 14वीं लोकसभा में फूलपुर से सांसद हुए। ऐसा तो था नहीं कि सभी गुंड़ा बदमाश चुनाव जीत जाते हैं। वह (अतीक) रिकॉर्ड 3 बार निर्दलीय चुनाव जीते।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Related News

static