Road Accident: शादी के तीन घंटे बाद उजड़ गया दुल्हन का सुहाग, सड़क हादसे में हुई दूल्हे की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Friday, Mar 01, 2024 - 03:38 PM (IST)

UP Road Accident: उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की तीन घंटे पहले ही शादी हुई थी और उसकी दुल्हन का सुहाग उजड़ गया। इस एक हादसे ने दो परिवारों की सारी खुशियां छीन ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। नई नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।

PunjabKesari
यह हादसा जिले के इस्लामनगर क्षेत्र में हुआ। जहां पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दरअसल, गांव चांदपुर निठाया निवासी जितेंद्र (22) पुत्र जसवंत सिंह की शादी बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी प्रियंका के साथ तय हुई थी। बृहस्पतिवार दोपहर को बिसौली कस्बे के मदनलाल इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह योजना के तहत कई युवक युवतियों की शादी कराई गई। इसी में जितेंद्र और प्रियंका की शादी हुई थी। शादी के बाद शाम चार बजे प्रियंका अपने मायके वालों के साथ ससुराल चली गई, जबकि जितेंद्र, उसकी मां और धारा सिंह अलग-अलग बाइक पर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह कुढ़ौली मोड़ पर पहुंचे तो सामने से आ रही आलू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में जितेंद्र की बाइक आ गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच में जितेंद्र की बाइक फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि मां और धारा सिंह घायल हो गए।

PunjabKesari
इस हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, जितेंद्र की मौत से पत्नी के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। खबर मिलते ही प्रियंका रो-रोकर बेसुध हो गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static