सनसनीखेज खुलासा: छोटा भाई ही निकला कातिल, चाकू से गोदकर की थी हत्या, इस वजह से घटना को दिया था अंजाम

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 05:36 PM (IST)

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के दुल्हिनपुर गांव में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मृतक का सगा छोटा भाई ही उसका हत्यारा निकला। पढ़ाई में बाधा बन रहे बड़े भाई को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी थी।

चाकू मारकर की थी भाई की हत्या
पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी को दुल्हिनपुर गांव में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपी छोटे भाई ने खुद को बचाने के लिए साजिश रची और गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। शुरुआती जांच में मामला उलझा हुआ नजर आया, लेकिन पुलिस ने जब गहराई से पड़ताल की तो हकीकत सामने आ गई।

पढ़ाई को लेकर दोनो के बीच चल रहा था विवाद
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों भाइयों के बीच पढ़ाई को लेकर लगातार विवाद होता था। छोटा भाई मानता था कि बड़ा भाई उसकी पढ़ाई में बाधा बन रहा है। इसी रंजिश में उसने योजना बनाकर बड़े भाई पर चाकू से हमला किया और उसकी जान ले ली।

हत्या की साजिश में झूठा दर्ज कराया था केस 
पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की साजिश और झूठे मुकदमे का भी खुलासा हो गया है। इस जटिल और संवेदनशील मामले का सफल अनावरण करने पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जांच टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static