देवर का सेहरा सजने से पहले भाभी ने चुन लिया कफन! पति का सनसनीखेज खुलासा- ''भाई के प्यार में पागल थी पत्नी''

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 02:45 PM (IST)

Etawah News: उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के अहिबरनपुरा गांव में रविवार को एक ऐसी वारदात हुई जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार मची है। एक महिला पुष्पा देवी ने अपने देवर की शादी तय होने से नाराज होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

खुशियों वाले घर में पसरा सन्नाटा
मृतक महिला के पति शेर सिंह ने बताया कि उसके छोटे भाई की बारात 10 फरवरी को जानी थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन पुष्पा इस शादी के सख्त खिलाफ थी। रविवार को जब उसका सामना देवर से हुआ, तो दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि पुष्पा ने कमरे में जाकर अपनी जान दे दी। मासूम बच्चों ने जब मां को फंदे पर लटका देखा, तो घर में कोहराम मच गया।

पति का चौंकाने वाला खुलासा
शेर सिंह ने पत्नी की मौत के बाद जो खुलासा किया, उसने गांव वालों के होश उड़ा दिए। पति के मुताबिक, पुष्पा के उसके छोटे भाई (देवर) के साथ अवैध संबंध थे। शेर सिंह ने बताया, "मेरी पत्नी और भाई के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। इसी वजह से मैंने भाई को घर से दूर बाहर काम पर भेज दिया था। पुष्पा अलग घर में रहती थी, लेकिन फिर भी वह भाई से मिलती रहती थी।"

शादी तय होते ही शुरू हुआ विवाद
शेर सिंह ने आगे बताया कि जैसे ही भाई की शादी कहीं और तय हुई, पुष्पा आपा खो बैठी। भाई शादी के लिए गांव आया तो पुष्पा उससे मिलने पहुंची, जहाँ दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। इसी मानसिक तनाव और नाराजगी में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला देवर की शादी से नाराजगी का लग रहा है। पुष्पा की शादी 2011 में शेर सिंह से हुई थी और उनके दो बच्चे (10 और 7 वर्ष) हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static