कोरोनाः सिलाई कारीगरों ने पेश की मिसाल, 380 लोगों को निशुल्क बांट चुके हैं मास्क

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2020 - 12:44 PM (IST)

इटावाः खतरनाक कोरोना वायरस से पूरी दुनिया जंग लड़ रही है। प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि हमें जागरूकता और इंसानियत दोनों की जरूरत है। ऐसे में सिलाई कारीगर मोहम्मद इदरीश और यूसुफ ने इंसानियत को बखूबी पेश किया है। दोनों कारीगरों ने अभी तक लगभग 380 मास्क बनाकर लोगों को नि:शुल्क बांटा है।

अब तक 380 मास्क मुहैया करा चुके हैं लोगों को
बता दें कि दोनों कारीगर दुकान में बचे कपड़ों से मास्क तैयार करते हैं और फिर सैनिटाइज करने के बाद जरूरतमंदों को देते हैं। इसके जरिए वह मास्क की किल्लत से जूझ रहे लोगों की मदद में जुटे हैं। अब तक वह 380 मास्क लोगों को मुहैया करा चुके हैं। ऐसे में लोग उन्हें दुआएं देते नहीं थक रहे हैं।

इदरीश ने बताया कि देश में कोरोना ने खतरनाक रूप ले लिया है ऐसे में अब देश के हर बंदे का कुछ न कुछ फर्ज बनता है। लोग परेशान थे तो हमने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाए। उन्होंने कहा कि हम मास्क तैयार कर सकते थे सो करने लग गए। काम करने से पहले अपने हाथों को सैनिटाइज करते हैं मास्क तैयार करने के बाद उन्हें भी सैनिटाइज करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसके जरिए वह सिर्फ आमजन की मदद ही नहीं कर रहे बल्कि अपनी भी हिफाजत कर रहे हैं।

वहीं यूसुफ ने कहा कि कपड़े तैयार करने के बाद थोड़ी बहुत कतरन बच जाती है हम इसी कपड़े से मास्क तैयार कर लोगों को बांट रहे हैं। हां, मास्क बनाने के लिए इलास्टिक, धागा और सैनिटाइजर का खर्चा खुद उठा रहे हैं। बाजार बंद होने से पहले तक करीब 380 मास्क बांट दिए थे। अब घर से काम कर रहे हैं।

मास्क है जरूरी
बता दें कि मास्क को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित अन्य मेडिकल रिसर्च संस्थाओं ने स्पष्ट किया है कि मास्क का इस्तेमाल बचाव में 2 तरीके से कारगर हो सकता है। पहला, संक्रमित या संदिग्ध व्यक्ति, या वह जिसे फिलहाल पता नहीं है कि वह संक्रमित है, मास्क लगाए रखे तो औरों को संक्रमित होने से बचा सकता है। दूसरा, सामान्य व्यक्ति भी मास्क लगाए हुए हो तो श्वसन के जरिए पहुंचने वाले संक्रमण से बचने की संभावना बढ़ जाती है। तीन परतों वाला मास्क उपयोगी बताया जा रहा है। दिनभर के इस्तेमाल के बाद इसका सुरक्षित निस्तारण करना आवश्यक है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static