छोटी उम्र के युवक से बनाया था गुप्त रिश्ता, फिर करा दी हत्या—पूर्व महामंडलेश्वर अन्नापूर्णा भारती गिरफ्तार, अलीगढ़ की हिला देने वाली कहानी
punjabkesari.in Sunday, Oct 12, 2025 - 08:05 AM (IST)
Aligarh News: एक समय खुद को धर्म और साधना की मार्गदर्शक बताने वाली महामंडलेश्वर अन्नापूर्णा भारती उर्फ पूजा शकुन पांडे अब हत्या की साजिश में मुख्य आरोपी बनकर पुलिस की गिरफ्त में आ चुकी है। अलीगढ़ में हुए एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की यह मुख्य आरोपी पिछले कई महीनों से फरार थी, जिसे पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
अभिषेक गुप्ता, अलीगढ़ का एक युवा और महत्वाकांक्षी व्यापारी था। उसकी TVS मोटर की एजेंसी थी। उसकी पूजा शकुन पांडे से मुलाकातें तब शुरू हुईं जब पूजा ने 'पढ़ाई-लिखाई' के नाम पर उसे अपने घर बुलाना शुरू किया। धीरे-धीरे यह रिश्ता अध्यात्म से आगे बढ़कर अवैध संबंधों में बदल गया। पूजा, जो उम्र में अभिषेक से काफी बड़ी थी, उस पर इस कदर मोहित हो गई कि शादी का दबाव डालने लगी। यही नहीं, वह उसकी एजेंसी में बिना कारण पार्टनरशिप मांगने लगी।
अभिषेक ने तोड़ी रिश्ते की डोर, पूजा ने रच दी साजिश
जब अभिषेक पूजा के दबावों से परेशान हो गया, तो उसने उससे दूरी बनाना शुरू कर दी। पूजा का नंबर डिलीट कर दिया, सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया और अपने काम में ध्यान देने लगा। लेकिन पूजा का प्यार अब जुनून और फिर बदले में बदल गया। उसने अपने पति अशोक पांडे के साथ मिलकर अभिषेक की हत्या की योजना बना डाली। पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक की हत्या के लिए 3 लाख रुपए में सुपारी दी गई, जिसमें से 1 लाख एडवांस दिया गया था।
कैसे हुई हत्या?
26 सितंबर की रात को जब अभिषेक गुप्ता अपना शोरूम बंद करके घर लौट रहा था, तभी दो अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड ने अलीगढ़ में सनसनी फैला दी। पुलिस ने जांच शुरू की और दो शूटरों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें सुपारी पूजा और उसके पति अशोक पांडे से मिली थी।
फरार थी पूजा, साध्वी का वेश धारण कर भरतपुर में छिपी थी
हत्या के बाद अशोक पांडे और दोनों शूटरों को जेल भेज दिया गया, लेकिन पूजा शकुन पांडे फरार हो गई। पूजा साध्वी के वेश में राजस्थान के भरतपुर में छिपी हुई थी, जहां से अलीगढ़ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उस पर पुलिस ने ₹25,000 का इनाम भी घोषित किया था।
SSP का बयान
अलीगढ़ के SSP नीरज कुमार जादौन ने बताया कि अभिषेक की हत्या के बाद की गई गहन जांच में पूजा शकुन पांडे और उसके पति अशोक पांडे का नाम सामने आया था। अब पूजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
धर्म से जुड़ी महिला, अब जेल में बंद अपराधी
जिस महिला को कभी लोग 'महामंडलेश्वर' कहकर सम्मान देते थे, वही अब एक हत्या की मास्टरमाइंड बनकर जेल की सलाखों के पीछे है। यह घटना समाज को सोचने पर मजबूर करती है कि जब धर्म के नाम पर छिपे चेहरे सामने आते हैं, तो सच कितना खतरनाक हो सकता है।

