STF की बड़ी कार्रवाई: एनकाउंटर में ढेर हुआ 1 लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद, हत्या-लूट के 30 केस, डेढ़ साल से था फरार!
punjabkesari.in Sunday, Dec 21, 2025 - 10:47 AM (IST)
Saharnpur News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लाख रुपए के इनामी बदमाश सिराज अहमद को मुठभेड़ में मार गिराया है। यह मुठभेड़ सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र में हुई। सिराज अहमद सुल्तानपुर के चर्चित हत्या मामले में फरार चल रहा था और उस पर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गंभीर अपराधों के 30 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे
सुल्तानपुर हत्या कांड के बाद से था फरार
सिराज अहमद मूल रूप से सुल्तानपुर जिले का रहने वाला था। उसने वहां एक चर्चित हत्या को अंजाम दिया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस और STF लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं। उसकी गिरफ्तारी के लिए शासन ने उसके सिर पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से सहारनपुर पहुंचा
खुफिया जानकारी के मुताबिक, सिराज अहमद पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से सहारनपुर पहुंचा था और गंगोह इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसी दौरान STF को उसके मूवमेंट की पुख्ता सूचना मिली। सूचना मिलते ही STF की टीम ने गंगोह क्षेत्र में घेराबंदी की और सिराज को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरा देख सिराज ने STF टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। STF की जवाबी कार्रवाई में सिराज अहमद मुठभेड़ में मारा गया।
हथियार और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
मुठभेड़ के बाद STF ने मौके से
- 30 बोर और 32 बोर की पिस्टल
- भारी मात्रा में कारतूस
- 4 मोबाइल फोन
- 2 वाई-फाई डोंगल
- एक छोटा बैग
- कुछ अहम दस्तावेज
बरामद किए हैं।
30 से ज्यादा गंभीर मुकदमे थे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सिराज अहमद पर हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) समेत करीब 30 से अधिक संगीन मुकदमे उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में दर्ज थे। वह लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।
मुख्तार अंसारी का करीबी, D-68 गैंग का लीडर
सिराज अहमद कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जाता है। वह D-68 गैंग का सरगना भी था। प्रशासन ने पहले ही न्यायालय के आदेश पर उसकी आधा दर्जन गाड़ियां, करीब 7 बेशकीमती संपत्तियां (करोड़ों रुपये की) कुर्क कर ली थीं। इस कार्रवाई से जिले के अन्य अपराधियों में भी हड़कंप मच गया था।
STF की कार्रवाई से अपराधियों में खौफ
STF की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिराज अहमद के मारे जाने से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी और संगठित अपराधियों को कड़ा संदेश गया है।

