आजम खान के परिसरों में IT की छापेमारी को सपा ने बताया ‘तानाशाही'', कहा- 2024 के लोकसभा चुनावों में करारा जवाब देगी जनता

punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2023 - 04:44 PM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को पार्टी नेता आजम खान और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ कर चोरी की जांच के तहत उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 30 से अधिक परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी को ‘‘तानाशाही'' करार दिया। उन्होंने कहा कि जनता 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा सरकार को करारा जवाब देगी।
PunjabKesari
सपा ने सोशल मीडिया ट्वीट कर लिखा कि, ‘‘जनाब आजम खान साहब सच की आवाज हैं। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखी, तालीम-शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय बनाया। आजम साहब सदैव फिरकापरस्त ताकतों से लड़ते रहे हैं। आज हम सब एकजुट होकर उनके साथ खड़े हैं। भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार तानाशाही एवं केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग बंद करे। भाजपाई इतना याद रखें कि तानाशाहों के अहंकार का अंत अवश्य होता है, 2024 में जनता जवाब देगी।''
PunjabKesari
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बिना किसी का नाम लिए छापेमारी को लेकर सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि, ‘‘सरकार जितनी कमजोर होगी, विपक्ष पर छापे उतने बढ़ते जाएगे।'' आयकर विभाग ने सपा नेता आजम खान के खिलाफ कर चोरी के आरोपों की जांच के सिलसिले में बुधवार सुबह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 30 से अधिक परिसरों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग की टीम उत्तर प्रदेश के रामपुर, सहारनपुर, लखनऊ, गाजियाबाद और मेरठ के अलावा पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में कुछ परिसरों की तलाशी ले रही है। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की जांच आजम और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित कुछ न्यासों से संबंधित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static