हाथ में कुरान लेकर महाराजगंज जेल के ल‍िए रवाना हुए सपा MLA इरफान, बीवी-बच्चों को देख छलके आंसू

punjabkesari.in Wednesday, Dec 21, 2022 - 12:05 PM (IST)

कानपुर: प्लॉट में आगजनी, फर्जी आधार कार्ड से हवाई सफर और बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान के परिवार को भारतीय होने का प्रमाणपत्र देने के मामले सपा विधायक इरफान सोलंकी 2 दिसंबर से जिला जेल में बंद हैं। वहीं सपा विधायक बुधवार को प्रशासनिक आधार पर कानपुर जिला कारागार से महाराजगंज जिला कारागार के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पुलिस के काफिले के अलावा उनके परिवार के कुछ लोग और समर्थक भी महाराजगंज तक साथ गए हैं।

सुबह करीब 10:15 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच इरफान सोलंकी को पुलिस महाराजगंज जेल के लिए लेकर रवाना हुई। काली पेंट और सफेद जैकेट पहने इरफान सोलंकी जेल से बाहर आए तो उनके हाथों में एक किताब भी थी। जब इरफान से पूछा गया क‍ि क्‍या ये कुरान है तो उन्‍होंने जवाब में स‍िर ह‍िला कर हां कहा।
जेल के बाहर पत्नी नसीम सोलंकी और बच्चों के साथ अन्य परिवारीजन उनका इंतजार कर रहे थे। परिवार वालों को देखते ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने हाथ हिलाकर परिवार वालों का अभिवादन किया तो बच्चों ने भी हाथ हिलाकर ही जवाब दिया।

विधायक की पुलिसकर्मियों से हुई कुछ नोकझोंक 
वहीं पुलिस वालों ने उन्हें सुरक्षा कारणों से तेजी के साथ गाड़ी में बैठने को कहा तो विधायक से पुलिसकर्मियों से कुछ नोकझोंक भी हुई। इसके बाद विधायक का काफिला महाराजगंज के लिए रवाना हो गया। इससे पहले जब मीडियाकर्मियों ने इरफान सोलंकी से कुछ बोलने के लिए कहा तो उन्होंने हाथ हिलाकर बात करने से मना कर दिया।

सरकार बदले की भावना से काम कर रही है- सपा MLA की पत्नी 
इरफान सोलंकी के रवाना होने के बाद जब इस संबंध में उनकी पत्नी नसीम सोलंकी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और उनके पति सुरक्षित नहीं है। जेल अधीक्षक डॉ बीडी पांडेय ने बताया कि सपा विधायक को सड़क मार्ग से महाराजगंज ले जाया जा रहा है। इसके लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कमिश्नरेट पुलिस से पुलिस बल मुहैया कराया गया है। इसके अलावा बीच में पड़ने वाले जनपदों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

विधायक को कोई विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी
जेल अधीक्षकों को शासन ने सख्त निर्देश दे रखे हैं कि विधायक को कोई विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी। महाराजगंज जेल में भी उन्हें आम कैदियों या जेल मैनुअल का सख्ती से पालन करते हुए रखा जाएगा। आईजी और डीआईजी जेल इसकी मॉनिटरिंग करंगे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static