देवरिया में 6 लोगों की हत्या पर सपा ने उठाए सवाल, कहा- सरकार की विफलता से हुई हत्या
punjabkesari.in Monday, Oct 02, 2023 - 01:30 PM (IST)

देवरिया: जिले के रूद्रपुर क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर सोमवार को सपा नेता सहित 6 लोगों की हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी ने गहरा दुख ब्यक्त किया है। साथ ही पार्टी उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाएं हैं। पार्टी ने कहा कि सरकार व प्रशासन की विफलता के कारण देवरिया में ज़मीनी विवाद में 6 लोगों की हत्या, दुःखद। योगी सरकार आमजन को न्याय दिलाने में अक्षम है, भ्रष्टाचारी पुलिस के उत्पीड़न से तंग आकर होती हैं ये घटनाएं। पैसे लेकर विवाद को उलझाकर शोषण करती है पुलिस, प्रदेश का आमजन पीड़ित, कानून व्यवस्था ध्वस्त।
बता दें कि सुबह दो पक्षों के बीच कथित रूप से जमीन के विवाद को लेकर एक ही परिवार के छह सदस्यों की हत्या कर दी गयी। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में आज सुबह करीब छह बजे जमीन के विवाद को लेकर सत्य प्रकाश दुबे और उसके परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर दी गयी।
बताया जाता है कि इस वारदात को दो दिन पहले जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की धारदार हथियार से हुई हत्या के प्रतिशोध में अंजाम दिया गया है। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून—व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि यादव के समर्थकों ने दुबे के घर पर हमला कर दिया, जिसमें दुबे सहित पांच लोग मारे गए।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर दुश्मनी थी। कुमार ने बताया कि इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को संज्ञान में लेते हुए अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कुछ लोग जख्मी भी हुए हैं। उन्हें अस्पताल भेजा गया है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं।