Mission 2022 के लिए सपा का नया नारा- ''यूपी का यह जनादेश, आ रहे हैं अखिलेश"

punjabkesari.in Thursday, Aug 05, 2021 - 03:28 PM (IST)

लखनऊ: छोटे लोहिया के नाम से विख्यात पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती पर समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में गुरुवार को भव्य आयोजन किया है। समाजवादी पार्टी पार्टी उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ प्रदेश के हर जिले में सपा साइकिल रैली कर रही है।लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साइकिल रैली को रवाना करने के साथ ही उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार के लिए नया नारा ''यूपी का यह जनादेश, आ रहे हैं अखिलेश" भी जारी किया। 

अखिलेश यादव ने कार्यालय में मीडिया को भी संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता तथा कार्यकर्ता जनेश्वर मिश्र के रास्ते पर हैं। आज प्रदेश में जगह-जगह साइकिल यात्रा निकाली जा रही है। जिससे कि प्रदेश के हर कोने का हाल जान सकें। उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश को विकास की राह पर लाए थे और अब उसको आगे ले जाएंगे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा में अपराधियों की भरमार है। वो 'मैनीफेस्टो' नहीं 'मनीफेस्टो' बनाते हैं। उनके लिए राजनीति एक व्यापार है। भाजपा की सरकार ने कोरोना के दौरान लोगों की मदद नहीं की और बड़ी संख्या में मौतें हुई हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता में भाजपा की सरकार के खिलाफ काफी नाराजगी है। योगी आदित्यनाथ सरकार हर मुद्दे पर फेल रही है। यह सरकार गंभीर रूप से बीमार लोगों को मेडिकल ऑक्सीजन नहीं दे पाई। साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में सिर्फ समाजवादी पार्टी के कार्यकाल के सभी कामों का उद्घाटन किया गया। इस सरकार ने हमारे कार्यकाल के दौरान कराए गए कामों का नाम बदल दिया। इनको अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही गरीबों की याद आने लगी।

लखनऊ में अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के कार्यालय, विक्रमादित्य मार्ग से गोमतीनगर विस्तार में जनेश्वर मिश्र पार्क तक साइकिल चलाते हुए गए। वहां पर उन्होंने जनेश्वर मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अखिलेश यादव ने कहा अभी तक हम 350 सीटें जीतने का दावा कर रहे थे, आज नाराजगी जनता की इतनी है कि हम 400 सीटें जीत सकते हैं। उत्तर प्रदेश की जनता तो भाजपा से बहुत नाराज है। इस बार तो इन्हेंं उम्मीदवार नहीं मिलेंगे। इस सरकार ने दलित, मुस्लिम, ब्राह्मणों को बहुत सताया गया है। अब सरकार को इनकी याद आ रही है। उन्होंने कहा कि आज भी सपा के कामों के नाम बदल करके उद्घाटन कर रहे हैं। इन लोगों ने खुद काम नही किया। यह सरकार तो जनता को कंफ्यूज करते करते खुद कंफ्यूज हो गई है। उत्तर प्रदेश में तो भाजपा अब अपराधियों को शामिल कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सिर्फ प्रचार के दम पर योगी आदित्यनाथ सरकार अपने आप को नम्बर वन बता रही है। हकीकत तो यह है कि यह सरकार कुपोषण, गंगा किनारे लाशों को लकड़ी न देने, ऑक्सीजन न दे पाने, बेरोजगारी, युवाओं को लाठी से, नौकरी मांगने वालों को पीटने, महिला असुरक्षा, शव से कफन उतारने, बिना इलाज के लोगों को मारने तथा 1600 शिक्षकों को मौत के मुहाने में भेजने में नम्बर वन है। यह सरकार तो माननीय न्यायालय के आदेश न मानने में भी नम्बर वन है।

अखिलेश यादव ने सपा कार्यालय से लखनऊ में साइकिल रैली को रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग लोडर में साइकिल लादकर लोहिया पथ पर एकत्र थे। समाजवादी पार्टी की साइकिल यात्रा के कारण लोहिया पथ पर भीषण जाम लगा था। यहां पर सपा कार्यकर्ताओं को साइकिल उपलब्ध कराई गई। सभी जिलों से कार्यकर्ता सपा कार्यालय पहुंचे हैं। इस दौरान लोहिया पर के दोनों तरफ वाहन पार्क कर सपा के नेता साइकिल रैली में गए। जिसके कारण जाम लग गया। लोहिया पथ सहित तमाम जगहों पर स्वागत मंच बनाया गया। अखिलेश यादव ने कहा उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार दवाओं की कालाबाजारी में नंबर वन है। यहां पर इलाज ना मिलने से लोगों की मौत हुई। लोगों को न तो अस्पताल में बेड मिले और न ही दवा मिली। प्रदेश में सम्मानित नागरिक बिना इलाज के मरे। योगी आदित्यनाथ सरकार तो प्रदेश के बेरोजगारों पर लाठी चलवाने में नंबर वन है। कोरोना से बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई, लेकिन सरकार को आंकड़ों की बाजीगरी में व्यस्त रही।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static