ईद के बाद आंदोलन करेगी सपा, संसद से सड़क तक होगा संग्राम; सांसद के घर पर हमले से गरमाई सियासत

punjabkesari.in Friday, Mar 28, 2025 - 08:24 AM (IST)

Rana Sanga Controversy: समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर कथित तौर पर कर्णी सेना के कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किए जाने के बाद सियासत गरमा गई है। सांसद के घर पहुंचे सपा नेता राम गोपाल यादव ने इस घटना को पूर्व नियोजित करार देते हुए इस हमले की कड़ी आलोचना की। सपा नेता शिवपाल सिंह यादव भी सुमन के आवास पर पहुंचे। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर गुंडागर्दी के जरिए हिंसा फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी झुकेगी नहीं बल्कि जवाबी कार्रवाई करेगी। 

न्याय के लिए लड़ाई जारी रखेगीः शिवपाल 
शिवपाल यादव ने कहा, “प्रशासन के इशारे पर की गई गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम इसके खिलाफ लड़ेंगे।” उन्होंने भाजपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया। शिवपाल यादव ने कहा, “भाजपा ने लोगों के लिए कुछ नहीं किया है। इसके बजाय, वे समाज में विभाजन पैदा कर रहे हैं। वे दलितों, पिछड़े समुदायों, निष्पक्ष फैसलों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हैं।” शिवपाल यादव ने कहा कि सपा भाजपा की कथित विभाजनकारी रणनीति का कड़ा विरोध करेगी और न्याय के लिए लड़ाई जारी रखेगी। 

संसद से सड़क तक आंदोलन करेगी सपा
मामले में सियासत गरमाई हुई है। सपा नेता इस हमले का जमकर विरोध कर रहे है। सपा नेताओं ने ऐलान किया है कि संसद से लेकर सड़क तक इस मामले में संग्राम होगा। ईद के बाद पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं, लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने हमले के विरोध में प्रदर्शन भी किया।

सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज 
सुमन के बेटे रंजीत सुमन की ओर से हरिपर्वत थाने में दी गई तहरीर पर सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 191(2) (दंगा), 351 (3) (आपराधिक धमकी), 324(4) (शरारत), 309 (4) (लूट) और 333 (घर में अतिक्रमण) के तहत मामला दर्ज किया है।

'हमलावरों को शासन का पूरा सहयोग मिला'
राम गोपाल यादव ने कहा, "यह हमला पूर्व नियोजित था और आला अधिकारियों को इसकी जानकारी थी। दुर्भाग्य की बात है कि मुख्यमंत्री जरा सी दूरी पर एक कार्यक्रम में थे। प्रशासन को जो सख्ती करनी चाहिए थी वह नहीं की।” उन्होंने कहा, “हमलावर बुलडोजर, लाठी, डंडे और तलवार लेकर आ रहे थे। इसके बाद भी उन्हें नहीं रोका गया। इसका क्या निष्कर्ष निकाला जाए। हमलावरों को शासन का पूरा सहयोग मिला। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ईद के बाद आंदोलन करेगी।”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static