राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पहले 25 को ही मिलेगा वेतन, बोनस भी देगी सरकार

punjabkesari.in Sunday, Oct 13, 2019 - 02:29 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लाखों राज्य कर्मचारियों और पेंशनधारकों की जेब पर्व पर खाली न रह जाए, इसलिए राज्य की योगी सरकार उन्हें दीपावली से पहले वेतन देने जा रही है। अपर मुख्य सचिव ‘वित्त संजीव मित्तल’ ने 25 अक्टूबर को वेतन जारी करने के निर्देश प्रदेश के सभी मुख्य जिलाधिकारियों और वरिष्ठ कोषाधिकारियों को दिए हैं। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि दीपावली से पहले कर्मचारियों को बोनस भी दे दिया जाएगा।

राज्य सरकार हर महीने की 1 तारीख को वेतन देती है। लेकिन इस बार 27 अक्टूबर को दीपावली होने के कारण राज्य कर्मचारी पर्व से पहले वेतन की मांग कर रहे थे। वहीं इस मांग को स्वीकार करते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश के करीब 20 लाख सेवारत व सेवानिवृत्त कार्मियों को तोहफा दिया है। अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देश में बताया गया कि 26 अक्टूबर को बैंक अवकाश और 27 अक्टूबर को दीपावली का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण वेतन व पेंशन का भुगतान 25 अक्टूबर को ही कर दिया जाएगा।

राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण व प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, कार्य प्रभारित कर्मचारियों तथा प्रदेश के कोषागारों से पेंशन पाने वाले पेंशनधारकों को भी नियुक्त तिथि से पूर्व भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा हर साल मिलने वाला बोनस भी कर्मचारियों को दीपावली से पहले मिल जाएगा। अपर मुख्य सचिव वित्त ने बताया कि संबंधित आदेश अगले सप्ताह जारी कर दिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static