प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी बोले- ''भाजपा ने अब तक निभाया अपना हर एक वादा, जो कहा वो पूरा किया''

punjabkesari.in Thursday, Jun 15, 2023 - 03:36 PM (IST)

UP News: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने आज यानी गुरुवार को कहा कि जनसंघ की स्थापना से लेकर अब तक उनकी पार्टी ने अपना हर वादा निभाया है। बाराबंकी में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि भाजपा ने जनसंघ की स्थापना से लेकर अब तक जो कहा वह पूरा किया। सरकार बनते ही अलगाववादी और देश में विभाजन का कारण बनने वाली धारा 370 को कश्मीर से हटाया गया। सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू की।

PunjabKesari

बता दें कि प्रदेश में अगले साल यानी 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले है। सभी राजनीतिक दल इसकी तैयारियों में जुटे हुए है। भारतीय जनता पार्टी भी चुनाव की तैयारी में लगी है। भाजपा ने चुनाव में 80 की 80 सीटों को जीतने का लक्ष्य रखा है। इसी के मद्देनजर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी बाराबंकी पहुंचे है। उन्होंने जहां पर एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जो कहा वो किया है। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का सपना साकार हुआ। गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, सुरक्षा की दिशा में जितना काम हुआ उतना 70 साल में नहीं हुआ।

PunjabKesari

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे होते थे। सरकार में बैठे लोग दंगे कराते थे। लेकिन 2017 के बाद प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। वर्ष 2014 से पहले जीडीपी के मामले में भारत दुनिया में बारहवें स्थान पर था, मगर जब प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली तो आज भारत पांचवें स्थान पर है। देश को आजादी मिलने के बाद कांग्रेस के शासनकाल में ऐसा कुछ नहीं हुआ जिससे देश आगे बढ़ सकें। जब देशों को पोलियो की बीमारी से छुटकारा मिल रहा था तो भारत में टीकाकरण शुरू हुआ। लेकिन याद होगा कि जब वैश्विक कोरोना महामारी आई तो हमारे वैज्ञानिकों और सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर जल्द से जल्द टीके का इंतजाम किया और दुनिया के अन्य देशों को भी टीके उपलब्ध कराए गए। इस मौके पर सांसद उपेंद्र सिंह रावत, सहित भाजपा के विधायक आदि लोग उपस्थित थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static