STF के हाथ लगी बड़ी सफलता, धोखाधड़ी के मामले 6 साल से फरार महिला गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Nov 12, 2025 - 07:55 PM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह महिला 2019 से फरार थी और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का नकद इनाम था। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार आरोपी प्रियंका सिंह (40) को मंगलवार सुबह करीब 8:45 बजे लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के सौभाग्यम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रियंका सिंह 2019 में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में वांछित थी। वह जेकेबी लैंड एंड डेवलपर्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड नामक कंपनी का हिस्सा थीं, जिसने कथित तौर पर सावधि जमा और भूमि विकास योजनाओं के नाम पर निवेशकों से कई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। वर्ष 2011 में स्थापित इस कंपनी का संचालन प्रियंका सिंह, उनके पति राजेश कुमार सिंह के अलावा दीपक शुक्ला, आशीष श्रीवास्तव, दुर्गेश जायसवाल और विक्रांत त्रिपाठी सहित अन्य निदेशकों द्वारा किया जाता था। कंपनी का पंजीकृत कार्यालय हैवलॉक रोड, हजरतगंज, लखनऊ में स्थित था और इसकी एक शाखा ललितपुर जिले में संचालित होती थी।
जांच से पता चला कि कंपनी ने एजेंटों के माध्यम से स्थानीय निवेशकों से धन एकत्र किया और बाद में गायब हो गई, जिससे धोखाधड़ी की कई शिकायतें सामने आईं। इसके बाद ललितपुर में एक मामला दर्ज किया गया और निदेशकों में से एक आशीष श्रीवास्तव को पहले ही मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि प्रियंका सिंह फरार थी। प्रियंका सिंह को कोतवाली ललितपुर पुलिस को सौंप दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

