बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के 22 मददगारों का पूरा ब्यौरा यूपी STF ने ढूंढ़ निकाला: सूत्र
punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2020 - 12:13 PM (IST)

लखनऊ: कानपुर के बिकरू गांव में सीओ सहित 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के 22 मददगारों का पूरा ब्यौरा एसटीएफ ने ढूंढ़ निकाला है। एसटीएफ के सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इन मददगारों के मोबाइल की कॉल डिटेल भी एसटीएफ को मिली है। आज या कल इन मददगारों से पूछताछ होने की संभावना जताई जा रही है।
एक मददगार विकास दुबे की लखनऊ की एक सम्पत्ति में गवाह
बता दें कि बिकरू काण्ड के बाद इन मददगारों की भूमिका अभी तक सामने नहीं आयी है लेकिन इनके माध्यम से विकास के बारे में कई जानकारियां जुटायी जा रही हैं। इनमें से ही एक मददगार लखनऊ में खरीदी गई विकास दुबे की एक सम्पत्ति में गवाह भी है। इनमें दो मददगार अक्सर कृष्णानगर में विकास और उसके भाई दीप प्रकाश के घर मिलने आते थे।
STF ने 12 मोबाइल फोन की निकाली कॉल डिटेल
दीप प्रकाश की पत्नी अंजलि इनमें से एक मददगार के साथ ही बिकरू गांव तक प्रधानी से जुड़े कामों के दस्तावेज पहुंचवाती थी। एसटीएफ ने 12 मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से भी कई जानकारियां हासिल की हैं।
कथित मुठभेड़ में मारा गया विकास दुबे
उत्तर प्रदेश के कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के मुख्य आरोपी एवं कुख्यात अपराधी विकास दुबे को शुक्रवार को कथित मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से लगातार 7 दिनों तक फरार रहे दुबे के मददगारों की भी शिनाख्त यूपी एसटीएफ ने तेज कर दी है।