छात्रा से किया रेप, प्रेग्नेंट होने पर कराया गर्भपात; खुद को पूर्व सीएम का करीबी बताया है आरोपी टीचर
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 11:00 AM (IST)
Lucknow News: यूपी की राजधानी लखनऊ से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक ट्यूशन टीचर ने दलित किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी ने उसका रेप किया और फिर उसे धमकी देने लगा कि अगर किसी को बताया तो उसकी जिंदगी बर्बाद कर देगा। इतना ही नहीं जब लड़की गर्भवती हो गई तो दरिंदे ने उसका गर्भपात भी करा दिया।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, बिजनौर जनपद निवासी 13 वर्षीय किशोरी परिजनों के साथ सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में रहती है। वह 9वीं की छात्रा है। उसके माता-पिता सरकारी सेवा में हैं। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी के साथ उसके ट्यूशन टीचर ने रेप किया है। पिता ने बताया कि गोमती एनक्लेव निवासी वीर सिंह यादव उनकी बेटी को ट्यूशन पढ़ाने आता था। वह मूलरूप से बांदा के बबेरू का रहने वाला है। पिता ने आरोप लगाया कि 22 जनवरी को वह दफ्तर गए थे। दादी घर के बाहर धूप में बैठी थीं। तभी घर में अकेला पाकर आरोपी ने जबरन किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर दी धमकी
किशोरी के पिता का आरोप है कि उसने जबरन दुष्कर्म किया और फिर बेटी को डराया धमकाया कि अगर किसी को बताया तो उसकी जिंदगी खराब कर देगा। जिसके बाद डरते हुए लड़की ने अपना मुंह बंद रखा और किसी को ये बात नहीं बताई। इसके बाद भी आरोपी ट्यूशन पढ़ाने के बहाने दोपहर को आने लगा और नाबालिग से जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई तो दवा देकर गर्भपात करा दिया।
कैसे हुआ खुलासा?
गर्भपात के बाद जब किशोरी की तबीयत बिगड़ी तो उसने मां को सारी बात बताई। जिसके बाद माता-पिता ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीड़िता के पिता के मुताबिक, आरोपी बहुत रसूख वाला है। वह समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। यहीं नहीं प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ उसकी फोटो भी है। लोगों को उनके साथ की फोटो दिखाकर रौब गांठता है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमों का गठन किया है और सभी टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई है।

