आशा भोसले के बाद देश ने खोया एक और दिग्गज को... बॉलीवुड की दूसरी लता का निधन, रफी संग गाए 140 गाने
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 06:38 PM (IST)
UP Desk : भारतीय संगीत जगत ने रविवार को अपनी एक मधुर और प्रतिष्ठित आवाज़ को हमेशा के लिए खो दिया। पद्म भूषण से सम्मानित वरिष्ठ पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर का 89 वर्ष की आयु में मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही सुमन कल्याणपुर ने रविवार रात अंतिम सांस ली। उनके निधन से संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
निधन के समय परिवार के साथ थीं सिंगर
गायिका की प्रशंसित मराठी जीवनी ‘सुमन सुगंध’ की लेखिका मंगला खाडिलकर ने बताया कि सुमन कल्याणपुर का निधन रविवार रात करीब 8 बजे लोखंडवाला स्थित उनके घर पर शांतिपूर्वक हुआ। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सुमन जी अपने ही पुराने गीत सुन रही थीं और परिवार के बीच समय बिता रही थीं।
1960 और 1970 के दशक में इंडस्ट्री पर किया राज
सुमन कल्याणपुर ने 1960 और 1970 के दशक में अपनी मधुर और सुरीली आवाज़ से संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह बनाई। उन्होंने ऐसे दौर में अपनी अलग पहचान स्थापित की, जब हिंदी फिल्म संगीत पर लता मंगेशकर का दबदबा था। अपनी विशिष्ट गायकी के दम पर सुमन कल्याणपुर ने लाखों श्रोताओं का प्यार हासिल किया।
‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’ जैसे गानों को दी आवाज
उनके लोकप्रिय गीतों में ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’, ‘ना ना करते प्यार तुम्हीं से’, ‘तुमने पुकारा और हम चले आए’ सहित कई सदाबहार गाने शामिल हैं। उन्होंने हिंदी, मराठी, बंगाली, असमिया, कन्नड़, उड़िया समेत कई भाषाओं में गीत गाए। फिल्मी गीतों के अलावा भक्ति संगीत, ग़ज़ल और ठुमरी के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।
बॉलीवुड की दूसरी लता जानी जाती थीं
सुमन कल्याणपुर की आवाज़ की तुलना अक्सर स्वर कोकिला लता मंगेशकर से की जाती थी, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी अलग पहचान और शैली को महत्व दिया। वर्ष 2022 में दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने लता मंगेशकर को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा था कि उनसे हर मुलाकात किसी पुराने दोस्त से मिलने जैसी महसूस होती थी।
कई राजनीतिक हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई राजनीतिक और सांस्कृतिक हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने भारतीय संगीत जगत में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

