मन्नत पूरी हुई तो बुर्के में उठाई कांवड़, अब मिल रही जान से मारने की धमकियां; संभल की तमन्ना पति के साथ पहुंचीं थाने

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 07:58 AM (IST)

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में आस्था और व्यक्तिगत पसंद की एक अनोखी मिसाल पेश करने वाली तमन्ना मलिक अब कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बुर्का पहनकर जलाभिषेक करने वाली तमन्ना और उनके पति अमन त्यागी को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। दंपती ने असमोली थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला?
संभल के बदनपुर बसेई गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक हाल ही में उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब वे हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकलीं। महाशिवरात्रि के दिन उन्होंने संभल के ऐतिहासिक क्षेमनाथ तीर्थ (छैमनाथ) में अपने पति अमन त्यागी के साथ बुर्का पहनकर ही जलाभिषेक किया। तमन्ना का कहना है कि उन्होंने भगवान से मनचाही शादी (अमन त्यागी से विवाह) की मन्नत मांगी थी, जो पूरी होने पर उन्होंने यह संकल्प निभाया।

सोशल मीडिया पर मिली धमकी, FIR की मांग
पुलिस को दी गई शिकायत में तमन्ना ने आरोप लगाया कि कुछ कट्टरपंथी लोग उन्हें और उनके पति को जिंदा जलाने और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ नफरत भरे वीडियो डाले जा रहे हैं। तमन्ना ने पुलिस से एफआईआर (FIR) दर्ज करने और कट्टरपंथियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

'आस्था मेरा व्यक्तिगत मामला है'
बुर्का पहनकर कांवड़ लाने पर उठे सवालों का जवाब देते हुए तमन्ना ने बड़ी बेबाकी से कहा कि आस्था एक व्यक्तिगत विषय है। अगर किसी महिला की इच्छा है, तो वह बुर्के में भी कांवड़ ला सकती है। हमें सामाजिक बंधनों से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में प्रशासन से सहयोग मिलने में दिक्कत हुई, लेकिन बाद में पुलिस ने उन्हें सुरक्षा दी।

संभल में हुआ था भव्य स्वागत
जब तमन्ना कांवड़ लेकर संभल पहुंचीं, तो वहां का नजारा अद्भुत था। बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े। महिलाएं उनके साथ सेल्फी ले रही थीं और कुछ ने तो सम्मान में उनके पैर भी छुए। मुस्लिम समुदाय के कई युवक भी उनके इस कदम का समर्थन करते नजर आए थे।

पुलिस की कार्रवाई
असमोली थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो की भी पड़ताल हो रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static