हादसे में किसी के घर का चिराग बुझा, तो किसी के बुढ़ापे का सहारा टूटा; जन्माष्टमी पर तीन दोस्तों की मौत से पसरा मातम

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 06:35 PM (IST)

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में जन्माष्टमी के दिन एक दुखद घटना घट गई। यहां पर झांकी देखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे तीन युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में डुडवा बुजुर्ग चौराहे के पास हुआ। 

थाना प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया कि बैंसन पुरवा गांव निवासी अनुराग (18), आशीष (17) और अमोलर तालग्राम निवासी अमन उर्फ कृष्णा (18) जन्माष्टमी के अवसर पर गुरसहायगंज में झांकियां देखने गए थे। उन्होंने बताया कि तीनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। 

अमन उर्फ कृष्णा के पिता घनश्याम टीवी रोग से पीड़ित हैं। अमन अपनी मां प्रियंका और दो बहनों के साथ बैसनपुर्वा स्थित ननिहाल में रह रहा था। वह परिवार का इकलौता बेटा और घर का चिराग था। कम उम्र में ही कंप्यूटर पर काम कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसकी मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static