सरहद पार गई जिंदगी, वापिस लौटकर आई लाश, पाकिस्तानी जेल में मृत पाए गए मछुआरे का पार्थिव शरीर आज पहुंचेगा जौनपुर
punjabkesari.in Friday, Apr 18, 2025 - 06:08 AM (IST)

Jaunpur News: पाकिस्तान की जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए मछुआरे घुरहू बिंद (48) का शव शुक्रवार को उनके पैतृक गांव बसिरहा आने की संभावना है। जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, बिंद को पाकिस्तान तटरक्षक बल द्वारा 2020 में गिरफ्तार किया गया था। बिंद गुजरात में ओखा तट के पास मछली पकड़ने के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तानी समुद्री सीमा में चला गया था। बिंद के गांव के 3 अन्य मछुआरों के साथ उन्हें जेल भेज दिया गया था।
पाकिस्तानी जेल में मृत मछुआरे का पार्थिव शरीर आज पहुंचेगा जौनपुर
मिली जानकारी के मुताबिक, दिनेश चंद्र ने बताया कि शव वाघा सीमा पर प्राप्त कर लिया गया है और उसे जौनपुर लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक का परिवार अत्यंत गरीब है। सरकार की तरफ से उनके परिवार को मुख्यमंत्री आवास, विधवा पेंशन और अन्य सभी सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विभागीय अधिकारियों से सर्वेक्षण करा लिया गया है।
मछलीशहर के उपजिलाधिकारी को शव आने पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने को कहा गया
जिलाधिकारी ने बताया कि मछलीशहर के उपजिलाधिकारी को शव आने पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने को कहा गया है। ग्राम प्रधान मृत्युंजय बिंद ने बताया कि घुरहू बिंद के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। बिंद की 4 बेटियां और दो बेटे हैं। 3 बेटियों की शादी हो चुकी है। उनकी पत्नी मजदूरी करके गुजर बसर कर रही हैं।