Nikki Murder Case: पुलिस ने जेठ और ससुर को दबोचा, दहेज हत्याकांड में सभी आरोपी गिरफ्तार, जानिए केस में अब तक क्या-क्या हुआ
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 12:51 PM (IST)

नोएडा : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए 26 वर्षीय निक्की की कथित तौर पर हत्या के मामले में उसके ससुर और जेठ को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरोपियों की पहचान सतवीर भाटी (55) और रोहित भाटी (28) के रूप में हुई है, जिन्हें कासना पुलिस ने एक गुप्त सूचना और खुफिया जानकारी के आधार पर सिरसा टोल चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने ससुरालियों को किया गिरफ्तार
निक्की का पति विपिन भाटी, जेठ रोहित, सास और ससुर उन लोगों में शामिल हैं जिनका नाम प्राथमिकी में आरोपियों के रूप में दर्ज है। चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों के खिलाफ 22 अगस्त को कासना पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 61(2) (आजीवन कारावास या अन्य दंडनीय अपराध करने का प्रयास करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद से ही रोहित फरार था।
घटना के विचलित करने वाले वीडियो वायरल
इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। निक्की को उसके पति विपिन भाटी और ससुराल वालों ने बृहस्पतिवार रात ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव स्थित उसके घर में कथित तौर पर पीटा और फिर आग लगा दी। निक्की और उसकी बड़ी बहन कंचन दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी। घटना के संबंध में कंचन द्वारा बनाए गए विचलित करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए। एक वीडियो क्लिप में दिखाई दे रहा है कि निक्की को बाल पकड़कर घसीटा जा रहा है जबकि एक अन्य वीडियो क्लिप में उसे आग की लपटों में सीढ़ियों से नीचे उतरते और फिर गिरते हुए दिखाया गया है।
विपिन ने पुलिस की बंदूक छीन कर अधिकारियों पर चलाई गोली
विपिन भाटी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और बाद में रविवार को पुलिस हिरासत से भागने की कथित कोशिश के दौरान उसके पैर में गोली मार दी गई। उसकी मां दया (55) को भी उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि जब विपिन को सबूत इकट्ठा करने के लिए ले जाया जा रहा था तो उसने एक उप निरीक्षक की बंदूक छीन ली और अधिकारियों पर गोली चलायी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है।
शादी के बाद से ही निक्की को किया जा रहा था प्रताड़ित
निक्की के परिवार ने आरोप लगाया कि 2016 में शादी के बाद से ही निक्की को प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुराल वालों की दहेज की मांग बढ़ती जा रही थी। परिवार ने कहा कि उन्होंने पहले ही बेटी के ससुराल वालों को एक स्कॉर्पियो एसयूवी, एक मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण दिए थे, लेकिन बाद में वे 36 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार देने की भी मांग करने लगे।
निक्की की बड़ी बहन कंचन की शादी विपिन के बड़े भाई रोहित से हुई है और वह इस घटना की गवाह है। उसने संवाददाताओं को बताया कि निक्की को उसके बेटे के सामने पीटा गया। उसने पुलिस को यह भी बताया कि निक्की पर कथित तौर पर ज्वलनशील तरल पदार्थ डालकर आग लगा दी गई थी। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के एक अस्पताल ले जाते समय निक्की की मौत हो गई। मृतका के पिता भिखारी सिंह ने बताया कि उनकी दो बेटियों कंचन (29) और निक्की (26) की शादी 2016 में क्रमश: रोहित भाटी और विपिन भाटी से हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘तब से वे दोनों बेटियों को प्रताड़ित कर रहे थे और दहेज की मांग कर रहे थे।''