निक्की हत्याकांड में नया मोड़: पति-सास के बाद अब जेठ की भी गिरफ्तारी, घटना वाली रात के बाद से था फरार
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 09:54 AM (IST)

Noida News: ग्रेटर नोएडा में हुए निक्की हत्याकांड में पुलिस ने अब तीसरे आरोपी रोहित भाठी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस निक्की के पति विपिन और उसकी सास को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। रोहित की गिरफ्तारी सोमवार को सिरसा टोल प्लाजा के पास से की गई। रोहित, मृतका निक्की का जेठ (बड़ी बहन का पति) है और घटना के दिन से ही फरार चल रहा था।
22 अगस्त को दर्ज हुआ था केस, पुलिस को थी रोहित की तलाश
निक्की की हत्या के मामले में 22 अगस्त को थाना कासना में शिकायत दर्ज की गई थी। इसके बाद से पुलिस आरोपी रोहित की तलाश में लगी थी। पुलिस को गुप्त सूचना और मैन्युअल इंटेलिजेंस की मदद से सोमवार को सफलता मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पति विपिन की गिरफ्तारी के दौरान हुई थी मुठभेड़
इससे पहले रविवार को निक्की के पति विपिन को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन यह गिरफ्तारी भी आसान नहीं थी। जब पुलिस उसे घटना में इस्तेमाल किए गए ज्वलनशील पदार्थ की बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तो रास्ते में विपिन ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने लगा। भागते वक्त उसने पुलिस पर फायरिंग भी कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और विपिन के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
सास भी गिरफ्तार, पूरे परिवार पर हत्या की साजिश का शक
पति विपिन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी मां (निक्की की सास) को भी गिरफ्तार कर लिया। अब तक इस मामले में पति, सास और जेठ – तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस को शक है कि निक्की की हत्या एक सोची-समझी साजिश थी, जिसमें पूरा परिवार शामिल हो सकता है।
क्या है पूरा मामला?
निक्की की 22 अगस्त की रात को कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई थी। परिवार वालों का आरोप है कि हत्या में पति, सास और अन्य ससुराल पक्ष के लोग शामिल हैं। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।