शादी की खुशियां मातम में बदलीं : युवक के दोस्त ने चलाई गोली, डीजे फ्लोर पर खून ही खून, दृश्य देख निकली चीखें
punjabkesari.in Sunday, Feb 09, 2025 - 01:21 PM (IST)
![](https://static.punjabkesari.in/multimedia/2025_2image_13_21_040675693untitled.jpg)
कासगंज : उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक शादी समारोह में शुखियां मातम में तबदील हो गईं। यहां एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। युवक को गोली उसी के दोस्त ने मारी। शादी समारोह में गोली चलने से हर कोई हक्का-बक्का रह गया। इस वारदात से मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधक भागने लगे। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूरा मामला कासगंज के अमांपुर रोड के रजत गार्डन का है। यहां विजयमाला पुत्री दिनेश फौजी निवासी गांव मिहारी का विवाह जयकिशोर पुत्र ख्यालीराम निवासी गांव हैबतपुर थाना जावा जिला अलीगढ़ से चल रहा था। वहीं डीजे फ्लोर पर कई युवक मस्ती कर रहे थे। अचानक वहां गोली चलने की आवाज सुनाई दी। एक गोली आसमान की ओर चली तो दूसरी गोली युवक राहुल के सिर में लगी। गोली लगते ही राहुल डीजे फ्लोर पर गिर गया। मौके पर उसकी मौत हो गई। डीजे फ्लोर पर खून बहने लगा। यह नजारा देखकर लोग सकते में आ गए। लोगों की चीखें निकल गईं। पल भर में ही विवाह की खुशियां मातम में बदल गईं।
बता दें कि बरात अलीगढ़ से आई थी। हादसे के बाद लोगों ने सबसे पहले तमंचा हाथ में लिए युवक को पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक के शव को मौके से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हो सके।