लखनऊ में दर्दनाक हादसा: खेलते वक्त नाले में गिरा 7 साल का बच्चा, घंटों से जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 03:31 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार शाम एक 7 वर्षीय मासूम बच्चा नाले में गिर गया, जिसके बाद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान की है, जहां वीरू नामक बच्चा खेलते-खेलते हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के मुताबिक वीरू मैदान में कंचे खेल रहा था, तभी कुछ कंचे हैदर कैनाल से सटे नाले में जा गिरे। कंचे निकालते समय बच्चा अचानक संतुलन खो बैठा और नाले में गिर गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि वह देखते ही देखते बह गया।

स्थानीय लोगों ने की बचाने की कोशिश, नहीं मिली सफलता
हादसे के समय कई लोगों ने वीरू को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई भी उसे नहीं पकड़ सका। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जो कई घंटों से लगातार जारी है। अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है।

मेयर ने जताया दुख, परिजनों की हालत चिंताजनक
घटना पर लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है, और नगर निगम पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। बच्चे के करीब शाम 6 बजे नाले में गिरने के बाद से अब तक (9 घंटे बाद तक) कोई सफलता नहीं मिली है। बच्चे के परिजन बुरी तरह से घबराए और बेसुध हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static