खाकी शर्मसार ! सलाखों के पीछे पहुंचे दो पुलिसकर्मी, महिला दरोगा से छेड़खानी व गाली-गलौज करने का आरोप
punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2023 - 02:42 AM (IST)

Sambhal News, (दानिश अंसारी): उत्तर प्रदेश में अब खाकीधारी महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। खाकी ही खाकी को बदनाम करने की कोशिश में लगी है। ताजा मामला संभल से सामने आया है। जहां दो सिपाहियों पर महिला दारोगा के साथ अभद्रता और गाली गलौज का आरोप है। महिला दारोगा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपी सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने इस मामले में दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है।
कार से वापस अपने घर जा रही महिला दारोगा से गाली-गलौज
हैरान करने वाली घटना बहजोई थाना इलाके की है। दरअसल, चंदौसी में चल रहे गणेश चतुर्थी मेले में अमरोहा जनपद में तैनात महिला दरोगा की ड्यूटी लगी थी। तबियत खराब होने पर रात्रि में महिला दारोगा कार से वापस अपने घर जा रही थी। आरोप है कि कार सवार दो लोगों ने उसका पीछा कर कार रोक ली और महिला दरोगा से जम कर अभद्रता और गाली-गलौज की।
SP ने आरोपी सिपाहियों को सस्पेंड किया
महिला दरोगा ने बहजोई थाना में दोनों के खिलाफ धारा 354घ,341 एवं 504 के तहत केस दर्ज कराया है। पुलिस ने सिपाही पवन चौधरी एवं रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। सिपाहियों की कार भी पुलिस ने सीज कर दी है। वहीं एसपी ने आरोपी सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। बहजोई सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि एक सिपाही डायल 112 म़ें तैनात है वहीं दूसरा ट्रैफिक पुलिस का सिपाही है।