देवरिया के दो सगे भाइयों ने किया कमाल! शिक्षक के बेटे अभिषेक और अनिमेश सिंह एक साथ बने UP PCS अधिकारी, बेटियों ने भी गाड़े झंडे
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 01:24 PM (IST)
देवरिया : यूपी पीसीएस परीक्षा के परिणाम में देवरिया जिले ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। लार विकास खंड के ग्राम बरडीहा परशुराम (मंगरैचा) के रहने वाले दो सगे भाइयों अभिषेक सिंह और अनिमेश सिंह ने एक साथ UP PCS परीक्षा पास कर कमाल कर दिया है। दोनों भाइयों के चयन से उनके परिवार में जश्न का माहौल है और पूरा गांव खुशी मना रहा है।

गर्व से फूला शिक्षक पिता का सीना
अभिषेक सिंह और अनिमेश सिंह अवध बिहारी सिंह के बेटे हैं। उनके पिता देवरिया इंटर कॉलेज में शिक्षक/प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। अभिषेक सिंह ने आईआईटी मद्रास से शिक्षा प्राप्त की और दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। उनके छोटे भाई अनिमेश सिंह भी उनके साथ ही कड़ी मेहनत कर रहे थे। दोनों भाइयों ने पहले प्रयास में ही सफलता हासिल कर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। पिता अवध बिहारी सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि उनके घर में एक साथ बड़ी खुशियां आई हैं। परिजन मिठाई बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन युवाओं ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

इस परीक्षा में देवरिया जिले के आधा दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें दो सगे भाइयों के अलावा तीन बेटियां भी शामिल हैं। बरहज विकास खंड के सतरांव की आयुषिका यादव, लार विकास खंड के उकिना की अमृता कुमारी, भाटपाररानी की अनुष्का यादव सहित अवनीश गोंड, त्रिपुरेश मणि त्रिपाठी, अभिषेक यादव और उत्पल आनंद यादव भी चयनित हुए हैं। यह सफलता कड़ी मेहनत, समर्पण और परिवार के सहयोग का परिणाम है। देवरिया जिले के इन होनहार युवाओं ने साबित कर दिया कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।

